सलेमपुर : पूर्व विधायक सुरेश यादव की अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई

स्वाभिमान जागरण देवरिया।
सलेमपुर/देवरिया, 08 अगस्त 2026। क्षेत्र के पूर्व विधायक एवं समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता, लोकतंत्र सेनानी 85 वर्षीय सुरेश यादव का शुक्रवार को देवरिया के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया था। शनिवार को उनके सलेमपुर स्थित आवास से निकली अंतिम शव यात्रा में जनसैलाब उमड़ पड़ा। दलीय सीमाएं टूट गईं और नम आंखों से लोगों ने उन्हें अंतिम विदाई दी।
सलेमपुर के मुख्य मार्गों से होते हुए शव यात्रा नवलपुर, लार होते हुए उनके पैतृक गांव रक्सा पहुंची। रास्ते भर लोगों ने फूल माला चढ़ाकर अंतिम दर्शन किए। रक्सा में हजारों की संख्या में लोग मौजूद रहे।
अंतिम यात्रा सलेमपुर के भागलपुर स्थित कालीचरण घाट, घाघरा नदी के तट पर पहुंची। यहां उनके इकलौते पुत्र सपा के राष्ट्रीय सचिव ओपी यादव ने मुखाग्नि दी। पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।
शव यात्रा में बरहज के विधायक दीपक कुमार मिश्र शाका,सपा सहित विभिन्न दलों के सांसद, पूर्व सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समाजसेवी शामिल हुए।
लोगों ने कहा कि सुरेश यादव लोकदल से लेकर समाजवादी पार्टी तक की राजनीति में सक्रिय रहे। वह सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के करीबी थे और अविभाजित देवरिया के जिला अध्यक्ष भी रहे। उन्हें समाजवादी आंदोलन का वटवृक्ष कहा जाता था। राजनीति में हजारों युवाओं को आगे बढ़ाने का श्रेय उन्हें जाता है। उनके निधन से पार्टी ने एक कुशल संगठनकर्ता और नौजवानों ने अपना अभिभावक खो दिया है।



