उत्तर प्रदेशफतेहपुरब्रेकिंग न्यूज़

पीछे की दीवार में नकब लगाकर 13 लाख के जेवर व नकदी चोरी

बेटी के शादी के जेवरात और बेटे की दुकान की नकदी पर चोरों ने किया हाथ साफ, पुलिस चेक प्वाइंट से महज 400 मीटर दूर वारदात

 

खखरेरू फतेहपुर खखरेरू थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद हैं। बिछियावां गांव में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक मकान की पीछे की दीवार में नकब लगाकर करीब 13 लाख रुपये कीमत के जेवरात और 10 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। चोर घर से दो बक्से और एक सूटकेस उठा ले गए तथा करीब 200 मीटर दूर ट्यूबवेल के पास उनके ताले तोड़कर जेवर और नकदी पार कर दी।
बिछियावां गांव निवासी महेंद्र पाल उर्फ मुन्नू पाल ने बताया कि वह बीती रात खेतों की रखवाली करने चले गए थे। घर पर उनकी मां और बेटा कमरे के बाहर पड़ी टीन के नीचे सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने मकान की पीछे की दीवार काटकर कमरे में प्रवेश किया और दो बक्से व एक सूटकेस उठा ले गए।
पीड़ित के अनुसार, चोर बक्से और सूटकेस को घर से करीब 200 मीटर दूर अनिल सिंह के ट्यूबवेल के पास ले गए। वहां ताले तोड़कर सामान खंगाला और कीमती जेवरात व नकदी चोरी कर ली। चोरी गए जेवरों में पीड़ित की पुत्री के दो सेट झुमके, अंगूठियां, मंगलसूत्र, तीन लॉकेट और पायल शामिल हैं। इसके अलावा पीड़ित की पत्नी का मंगलसूत्र, टॉप्स, छागल, हाफ पेटी और पायल भी चोरी हो गई। बक्से में बेटे की दुकान के 10 हजार रुपये नकद भी रखे थे।
पीड़ित की पत्नी ने बताया कि उनकी बेटी पुष्पा देवी की शादी 9 मार्च 2026 को पचमई गांव निवासी किशनपाल से हुई थी। शादी के बाद बेटी पति के साथ दिल्ली के रोहिणी जाने से पहले अपने शादी के सभी जेवर मायके में रख गई थी। चोरी गए अधिकांश जेवर उन्हीं के बताए जा रहे हैं।
सुबह करीब पांच बजे जब पीड़ित की पत्नी चारपाई रखने के लिए कमरे के अंदर पहुंचीं तो पीछे की दीवार कटी मिली और कमरे का सामान अस्त-व्यस्त था। इसके बाद घटना की जानकारी डायल 112 और स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और करीब 200 मीटर दूर पड़े कपड़े, बक्से व अन्य सामान को एकत्र कर घर पहुंचवाया।
ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रही नकबजनी और चोरी की घटनाओं से गांव में दहशत का माहौल है। घटनास्थल से करीब 400 मीटर की दूरी पर पुलिस चेक प्वाइंट भी बना हुआ है, लेकिन ग्रामीणों के अनुसार वहां अक्सर पुलिसकर्मी मौजूद नहीं रहते हैं और चेक प्वाइंट अधिकांश समय वीरान पड़ा रहता है।
घटना के संबंध में थाना प्रभारी सतपाल सिंह ने बताया कि चोरी की सूचना प्राप्त हुई है पूरे मामले की जांच कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!