तीन दशक की निस्वार्थ सेवा के बाद विदा हुए सहायक कंपनी कमांडर नरेंद्र कुमार सिंह, मईल थाने में गूंजा सम्मान

मईल, देवरिया। वर्दी उतरी नहीं, जिम्मेदारी से मुक्ति मिली है… कुछ ऐसा ही भावुक क्षण रविवार को मईल थाना परिसर में देखने को मिला, जब होमगार्ड विभाग के अवैतनिक सहायक कंपनी कमांडर, कंपनी भागलपुर के नरेंद्र कुमार सिंह को पूरे सम्मान के साथ विदाई दी गई।
लगभग 30 वर्षों तक मईल थाने की सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहे नरेंद्र कुमार सिंह आज सेवानिवृत्त हो गए। थानाध्यक्ष विकास नाथ ने उन्हें अंगवस्त्र ओढ़ाकर, श्रीमद्भगवद्गीता और छाता भेंट कर सम्मानित किया। यह सम्मान केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि तीन दशक के अनुशासन, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का था।
थानाध्यक्ष विकास नाथ ने भावुक होते हुए कहा, “नरेंद्र जी ने 30 साल तक मईल थाने को अपना परिवार समझा। सुख-दुख, धूप-बारिश हर परिस्थिति में वह पुलिस के साथ खड़े रहे। ऐसे कर्मयोगी को भुलाया नहीं जा सकता। उनकी कमी हमेशा महसूस होगी।”
तालियों की गड़गड़ाहट के बीच सभी ने उनके स्वस्थ, सुखमय और सम्मानित सेवानिवृत्त जीवन की कामना की।
इस अवसर पर एसएसआई रामदयाल सिंह, एसआई रामअवध यादव, चकरा चौकी प्रभारी रमेश चंद्र कुशवाहा, सुनील यादव, मनोज यादव, आलोक पांडेय, सत्यवान सिंह, धनंजय सिंह, अरुण पांडेय, अजय सिंह, शिवाजी सिंह, गणेश यादव, गणेश दुबे, कन्हैया तिवारी सहित समस्त पुलिस स्टाफ और होमगार्ड के जवान उपस्थित रहे।



