मेले में महिलाओं के गले से मंगलसूत्र पार, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
खरीदारी के दौरान पीछे से झपट्टा मारकर वारदात, पुलिस तैनाती के बावजूद बदमाश फरार

*खखरेरू/फतेहपुर थाना क्षेत्र के चंद्रशेखर आजाद नगर चचीडा में आयोजित एकदिवसीय मेले में महिलाओं के गले से मंगलसूत्र चोरी होने की दो घटनाओं से हड़कंप मच गया। भीड़ के बीच झपट्टा मारकर बदमाशों ने दो महिलाओं के गले से सोने के मंगलसूत्र पार कर दिए। वारदात के बाद दोनों महिलाएं रोती-बिलखती नजर आईं।
लहौंगपुर मजरे जहांगीर नगर निवासी पितनी देवी पत्नी मुन्ना अपने मायके सोथरापुर से मेला देखने चचीडा पहुंची थीं। खरीदारी के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर पीछे से आए झपट्टा मारने वाले ने उनके गले से लॉकेट लगा सोने का मंगलसूत्र पार कर दिया और भीड़ में फरार हो गया। मंगलसूत्र गायब होने की जानकारी होते ही महिला का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
इसी तरह सोथरापुर निवासी आरती देवी पुत्री जीवन के साथ भी शाम करीब पांच बजे वारदात हुई। मेले में खरीदारी करते समय बदमाश ने उनके गले से लॉकेट लगा सोने का मंगलसूत्र निकाल लिया और मौके से भाग निकला। लगातार दो महिलाओं के साथ हुई घटनाओं से मेले में मौजूद लोगों में नाराजगी दिखाई दी।
मेले में सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती किए जाने की बात सामने आई है। इसके बावजूद भीड़ के बीच महिलाओं के गले से मंगलसूत्र पार होने से पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि भीड़भाड़ वाले स्थान पर पुलिस की सक्रिय निगरानी होती तो झपट्टा मारने वालों पर अंकुश लगाया जा सकता था।
मामले में थाना प्रभारी सतपाल सिंह ने बताया कि इस प्रकरण में मुझे कोई जानकारी नहीं है न ही डायल 112 में कोई सूचना है अगर मामला संज्ञान में आता है तो आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।



