दैनिक स्वाभिमान जागरण महराजगंज।
आनन्दनगर महराजगंज। चोरी की घटना को अंजाम देकर पुलिस को चकमा दे रहे एक वांछित अभियुक्त को चौक पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से चोरी की इलेक्ट्रिक स्कूटी, दो मोबाइल फोन और एक खिलौना पिस्टल बरामद की है। गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, 25 नवंबर की रात पारसखाड़ चौराहे पर चोरी की घटना हुई थी। चोरों ने जितेंद्र गुप्ता की इलेक्ट्रिक स्कूटी और एक अन्य व्यक्ति का मोबाइल फोन चोरी कर लिया था। घटना की सूचना डायल-112 के माध्यम से पुलिस को मिली। इसके बाद चौक पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मोबाइल लोकेशन के आधार पर संदिग्ध की तलाश शुरू की।
पुलिस की सक्रियता से 26 नवंबर को बेलहवा टेढ़ी, थाना पुरंदरपुर क्षेत्र से अजय सिंह पुत्र कमल सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी की इलेक्ट्रिक स्कूटी, दो मोबाइल फोन तथा एक खिलौना पिस्टल मिली।
पुलिस के अनुसार, अभियुक्त के खिलाफ चौक थाने में दो मुकदमे तथा पंजाब के लुधियाना जिले के सलेमटाबरी थाने में एक मुकदमा दर्ज है। इस मामले में बीएनएस की संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय भेज दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी निचलौल के पर्यवेक्षण में की गई। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष मनीष पटेल, वरिष्ठ उपनिरीक्षक बृजमान यादव, उपनिरीक्षक विशाल सिंह एवं अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

