दोनों देशों के सैनिक आपदा प्रबंधन, जंगल युद्धकला और मानवीय सहायता का साझा प्रशिक्षण लेंगे, 23 दिसंबर तक चलेगा 20वां संस्करण।
केशव कुमार मिश्र महराजगंज।
नेपाल और भारत के बीच सैन्य सहयोग और आपसी सामंजस्य को मजबूत करने के उद्देश्य से संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘सूर्यकिरण’ का 20वां संस्करण बुधवार से रुपन्देही जिले के सालझंडी में शुरू हो गया। नेपाली सैनिक बैटल स्कूल में आयोजित इस अभ्यास का शुभारंभ श्री मध्यपश्चिम पृतना मुख्यालय के पृतनापति उपरथी पूर्णबहादुर खत्री ने किया।
नेपाली सेना के सैनिक जनसंपर्क तथा सूचना निदेशालय के अनुसार, इस संयुक्त अभ्यास में नेपाल और भारत की सेना के गण स्तर के जवान एवं अधिकारी हिस्सा ले रहे हैं। यह अभ्यास 23 दिसंबर तक चलेगा। इसके दौरान दोनों देशों के सैनिक आपदा प्रबंधन, जंगल युद्धकला और मानवीय सहायता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सैद्धांतिक और व्यावहारिक प्रशिक्षण के साथ अपने अनुभव साझा करेंगे।
वर्ष 2010 से नेपाल और भारत में बारी-बारी से प्रतिवर्ष आयोजित हो रहे इस सैन्य अभ्यास का 19वां संस्करण भारत के पिथौरागढ़ में संपन्न हुआ था। नेपाली सेना का मानना है कि इस तरह के संयुक्त अभ्यास से दोनों देशों के बीच मैत्रीपूर्ण संबंध और मजबूत होंगे। साथ ही सैनिकों की पेशेवर दक्षता, युद्ध कौशल और आपसी समझ में भी वृद्धि होगी।
रुपन्देही के सालझंडी में इस अभ्यास का आयोजन सीमावर्ती क्षेत्र के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

