भारत-नेपाल सीमा पर 5.50 लाख भारतीय रुपये बरामद, कुशीनगर का व्यक्ति हिरासत में।

उत्तर प्रदेश ब्रेकिंग न्यूज़ महाराजगंज

 

दैनिक स्वाभिमान जागरण महराजगंज।

भारत-नेपाल सीमा पर अवैध नकदी के परिवहन को लेकर सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई की है। रुपन्देही जिले के सिद्धार्थनगर नगरपालिका-1 स्थित पिपलबोट चेकपोस्ट पर बुधवार शाम जांच के दौरान 5 लाख 50 हजार भारतीय रुपये बरामद किए गए। मामले में उत्तर प्रदेश के कुशीनगर निवासी 45 वर्षीय व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है।

जानकारी के मुताबिक, सशस्त्र प्रहरी बल नेपाल की सीमा सुरक्षा गुल्म डंडा और इलाका प्रहरी कार्यालय बेलहिया की संयुक्त टीम भारत से नेपाल की ओर जा रहे एक सार्वजनिक ई-रिक्शा की जांच कर रही थी। इसी दौरान ई-रिक्शा में सवार कुशीनगर जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के चिरायुपाली निवासी संतोष सिंह के बैग की तलाशी ली गई। बैग में छिपाकर रखे गए 5.50 लाख भारतीय रुपये, भारतीय यूनियन बैंक का एक ब्लैंक चेक और मोबाइल फोन बरामद हुआ।

यह कार्रवाई सशस्त्र प्रहरी नायब निरीक्षक गणेश बहादुर रोकामगर और नेपाल पुलिस के प्र.स.नि. बलिराम यादव के नेतृत्व में की गई। बरामद नकदी और अन्य सामान के साथ हिरासत में लिए गए संतोष सिंह को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जिला प्रहरी कार्यालय भैरहवा भेज दिया गया है।

फिलहाल जांच का विषय है कि इतनी बड़ी भारतीय नकदी किस उद्देश्य से नेपाल ले जाई जा रही थी और इसके पीछे कोई अन्य आर्थिक लेन-देन तो नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।