गौतमबुद्ध एयरपोर्ट के संचालन की जगी उम्मीद।

उत्तर प्रदेश ब्रेकिंग न्यूज़ महाराजगंज

 

 

सोनौली बॉर्डर से महज 5 किलोमीटर दूर हवाई कनेक्टिविटी को मिलेगी नई उड़ान।

 

भारत के साथ काठमांडू–भैरहवा–लखनऊ हवाई मार्ग दोतरफा करने पर सहमति से पर्यटन, होटल टैक्सी और व्यापार जगत में खुशी की लहर।

 

सिद्धार्थनगर की सफाई का जिम्मा निजी कंपनी को, पांच साल में नगरपालिका को मिलेंगे 3.60 करोड़ रुपये।

केशव कुमार मिश्र महराजगंज

भारत-नेपाल सीमा से सटे भैरहवा के लिए आने वाले दिन विकास और आर्थिक गतिविधियों के लिहाज से अहम साबित हो सकते हैं। नेपाल के गौतमबुद्ध अंतरराष्ट्रीय विमानस्थल के संचालन को लेकर लंबे समय से बनी अनिश्चितता के बीच भारत और नेपाल के बीच काठमांडू–भैरहवा–लखनऊ हवाई मार्ग को दोतरफा बनाने पर बनी सहमति ने नई उम्मीद जगा दी है। सोनौली बॉर्डर से महज पांच किलोमीटर की दूरी पर स्थित यह अंतरराष्ट्रीय विमानस्थल अब केवल भैरहवा ही नहीं, बल्कि भारतीय सीमावर्ती क्षेत्र सोनौली, नौतनवा, महाराजगंज और आसपास के जिलों के लिए भी आर्थिक संभावनाओं का नया रास्ता खोल सकता है।

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह की भारत यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हुई द्विपक्षीय वार्ता के बाद जारी संयुक्त वक्तव्य में मौजूदा एकतरफा बी-345 काठमांडू–भैरहवा–लखनऊ हवाई मार्ग को दोतरफा करने पर सहमति जताई गई है। इसके लिए दोनों देशों के बीच तकनीकी परामर्श के माध्यम से आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी। यह सहमति करीब 17 वर्षों से चली आ रही मांग के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। हालांकि, अभी इसे नियमित उड़ानों की शुरुआत नहीं माना जा सकता। हवाई मार्ग के वास्तविक संचालन के लिए उड़ान की ऊंचाई, सुरक्षा और अन्य तकनीकी प्रक्रियाओं को अंतिम रूप देना बाकी है।

होटल कारोबार से टैक्सी चालकों तक जगी नई उम्मीद

इस फैसले से भैरहवा और लुंबिनी क्षेत्र के पर्यटन कारोबारियों, होटल संचालकों, टैक्सी चालकों, ट्रैवल एजेंसियों और व्यापारियों में उत्साह देखा जा रहा है। अब तक अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की सीमित उपलब्धता के कारण गौतमबुद्ध अंतरराष्ट्रीय विमानस्थल अपनी पूरी क्षमता के अनुरूप पर्यटकों और यात्रियों को आकर्षित नहीं कर पाया है। दोतरफा हवाई मार्ग प्रभावी होने पर अंतरराष्ट्रीय विमानों के लिए भैरहवा पहुंचना अधिक सुविधाजनक हो सकता है।

इसका सीधा लाभ होटल व्यवसाय को मिलने की उम्मीद है। लुंबिनी में भगवान बुद्ध की जन्मस्थली के दर्शन के लिए आने वाले विदेशी पर्यटकों के साथ भारतीय और अन्य देशों के बौद्ध श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ सकती है। इसके अलावा होटल, रेस्टोरेंट, गेस्ट हाउस, पर्यटन वाहन, स्थानीय गाइड और ट्रैवल एजेंसियों के कारोबार में भी तेजी आने की संभावना है।

भैरहवा से लुंबिनी, तिलौराकोट, कपिलवस्तु और आसपास के बौद्ध पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होने से अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों के लिए नए पर्यटन पैकेज तैयार किए जा सकते हैं। वहीं भारतीय पर्यटकों के लिए लखनऊ और अन्य शहरों से भैरहवा होते हुए लुंबिनी की यात्रा का विकल्प भी अधिक सुविधाजनक बन सकता है।

सोनौली बॉर्डर के कारोबार को भी मिल सकता है फायदा

गौतमबुद्ध अंतरराष्ट्रीय विमानस्थल की भौगोलिक स्थिति भारत-नेपाल सीमा के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है। सोनौली सीमा से इसकी नजदीकी के कारण इसका असर दोनों देशों के सीमावर्ती बाजारों पर भी पड़ सकता है। अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की संख्या बढ़ने पर एयरपोर्ट से सोनौली, नौतनवा, गोरखपुर और लखनऊ तक टैक्सी तथा पर्यटक वाहनों की मांग बढ़ सकती है।

सीमावर्ती क्षेत्र के टैक्सी चालकों और ट्रैवल कारोबारियों को उम्मीद है कि विमानस्थल का नियमित संचालन बढ़ने से उन्हें भी नए अवसर मिलेंगे। होटल, रेस्टोरेंट, ट्रांसपोर्ट, मुद्रा विनिमय, खरीदारी और अन्य सेवाओं से जुड़े कारोबार को गति मिल सकती है। भारतीय व्यापारियों के लिए भी नेपाल आने-जाने वाले विदेशी पर्यटकों और कारोबारियों के माध्यम से नए व्यावसायिक अवसर पैदा हो सकते हैं।

हालांकि, इसके लिए भारत और नेपाल के बीच यात्रियों के आवागमन, टैक्सी परमिट, सीमा शुल्क और परिवहन संबंधी व्यवस्थाओं को भी व्यावहारिक तथा सुविधाजनक बनाना जरूरी होगा।

तकनीकी प्रक्रिया पूरी होना सबसे बड़ी चुनौती

हवाई मार्ग को दोतरफा बनाने पर सहमति के बावजूद विमानस्थल के नियमित संचालन की राह में कुछ तकनीकी चुनौतियां अभी बाकी हैं। विमानन क्षेत्र से जुड़े जानकारों के मुताबिक, भारतीय हवाई क्षेत्र से भैरहवा की ओर आने वाले विमानों के लिए उड़ान की ऊंचाई और सुरक्षित उतरने की प्रक्रिया महत्वपूर्ण होगी। मौजूदा व्यवस्था में पश्चिम दिशा से आने वाले विमानों को नेपाल के सिमरा मार्ग से प्रवेश करना पड़ता है, जिससे करीब 300 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ता है। नए प्रावधान से यह दूरी और परिचालन खर्च कम होने की उम्मीद है।

इसलिए अब निगाहें दोनों देशों की तकनीकी टीमों की अगली बैठक और हवाई मार्ग को वास्तविक रूप से लागू करने की समयसीमा पर टिकी हैं।

सिद्धार्थनगर की सफाई का जिम्मा निजी कंपनी को

इधर, भैरहवा स्थित सिद्धार्थनगर नगरपालिका ने शहर की लंबे समय से चली आ रही कचरा प्रबंधन की समस्या से निपटने के लिए पांच वर्षों का समझौता निजी कंपनी के साथ किया है। नगरपालिका ने मायादेवी गांवपालिका-7 स्थित वातावरणीय सुंदर सरसफाई तथा कृषि प्रशोधन ऑफ नेपाल प्रा.लि. को शहर की सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी है।

समझौते के अनुसार कंपनी कचरा संग्रहण, ढुलाई और प्रबंधन का काम करेगी। इसके बदले कंपनी नगरपालिका को सालाना 72 लाख 10 हजार रुपये देगी। इस तरह पांच वर्षों में नगरपालिका को कुल 3 करोड़ 60 लाख 50 हजार रुपये प्राप्त होंगे।

कंपनी को व्यावसायिक क्षेत्रों के घरों से मासिक 150 रुपये, आवासीय घरों से 25 रुपये तथा दुकानों और उद्योगों से उनके आकार एवं कारोबार के अनुसार 125 से 1,000 रुपये तक कचरा प्रबंधन शुल्क वसूलने का अधिकार भी दिया गया है। यह व्यवस्था नेपाली तिथि 2083 सावन 7 से लागू होकर पांच वर्षों तक जारी रहेगी।

 

नगर प्रमुख इस्तियाक अहमद खान ने दो महीने के भीतर शहर को साफ-सुथरा बनाने की प्रतिबद्धता जताई है। उन्होंने कंपनी को केवल मुनाफे के बजाय सेवाभाव से काम करने की नसीहत दी। वहीं प्रमुख प्रशासकीय अधिकारी बिपिन क्षेत्री ने कचरा और आवारा चौपायों के प्रबंधन को बड़ी चुनौती बताते हुए जनप्रतिनिधियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों से सहयोग की अपील की।

 

दो फैसले, विकास की दो बड़ी उम्मीदें

 

गौतमबुद्ध अंतरराष्ट्रीय विमानस्थल के लिए भारत के साथ हवाई मार्ग को दोतरफा बनाने की सहमति और सिद्धार्थनगर नगरपालिका का सफाई व्यवस्था निजी कंपनी को सौंपने का फैसला भैरहवा क्षेत्र के विकास से जुड़े दो महत्वपूर्ण कदम हैं। एक तरफ अंतरराष्ट्रीय हवाई संपर्क मजबूत होने से पर्यटन, होटल, परिवहन और व्यापार को नई संभावनाएं मिल सकती हैं, तो दूसरी तरफ बेहतर कचरा प्रबंधन से शहर की छवि और नागरिक सुविधाओं में सुधार की उम्मीद है।

 

लेकिन इन फैसलों की असली परीक्षा अब धरातल पर होगी। क्या दोतरफा हवाई मार्ग पर जल्द विमानों की आवाजाही शुरू होगी

 

क्या गौतमबुद्ध अंतरराष्ट्रीय विमानस्थल अपनी वास्तविक क्षमता के अनुरूप संचालित हो पाएगा और क्या करोड़ों रुपये के सफाई समझौते के बाद सिद्धार्थनगर की सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थलों पर साफ-सफाई दिखाई देगी।