मईल में मासूम की मौत का आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे, लोहे की चारपाई में करंट लगाने का आरोप
न्यायालय में पेशी के बाद भेजा गया जेल, बीएनएस की धारा 105 में हुई कार्रवाई

स्वाभिमान जागरण मईल।
स्वाभिमान जागरण, मईल/देवरिया। बलिया दक्षिणी गांव में 7 वर्षीय मासूम की करंट से हुई दर्दनाक मौत के मामले में मईल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अपने घर के बाहर रखी लोहे की चारपाई में जानबूझकर बिजली का करंट प्रवाहित किया था, जिसकी चपेट में आकर मासूम की मौत हो गई थी।
पुलिस अधीक्षक देवरिया अभिजित आर. शंकर के अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील कुमार सिंह के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी बरहज रंजना सचान के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।
प्रभारी निरीक्षक मईल विकास नाथ के नेतृत्व में गठित टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर आरोपी शहाबुद्दीन उर्फ नन्हे पुत्र मुमताज, निवासी बलिया दक्षिण, उम्र 30 वर्ष को आज दिनांक 11.09.2026 को उसके गांव से ही धर दबोचा।
गौरतलब है कि दिनांक 10.09.2026 को मृतक के दादा ने थाना मईल में तहरीर देकर बताया था कि आरोपी द्वारा अपने दरवाजे पर रखी लोहे की चारपाई में बिजली का करंट लगा दिया गया था, जिससे उनका 7 वर्षीय पौत्र चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। तहरीर के आधार पर थाना मईल पर मु0अ0सं0-176/2026 धारा 105 बीएनएस (गैर इरादतन हत्या) के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर नियमानुसार विधिक कार्यवाही करते हुए माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में शामिल रहे —
उ0नि0 अजय कुमार राय एवं कांस्टेबल इजहार अहमद।


