LIVE TVअपराधउत्तर प्रदेशदेवरियाब्रेकिंग न्यूज़राज्य

48 घंटे के भीतर ही पुलिस ने महिला की हत्या के आरोपी को पैर में गोली मार कर दबोच लिया

बीती रात अवस्थी चौराहे पर बदमाशों की हुई पुलिस से मुठभेड़

 

तीन लाख में दी गई थी हत्या की सुपारी, ढाई लाख का हो चुका था भुगतान; दूसरा आरोपी अंधेरे में फरार

देवरिया। रुद्रपुर सीएचसी परिसर स्थित कर्मचारी आवास में महिला की हत्या के मामले में वांछित आरोपी रामअशीष यादव मंगलवार की रात पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से असलहा बरामद हुआ है। घायल आरोपी को सीएचसी रुद्रपुर में प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर कर दिया गया। वहीं, बाइक चला रहा उसका साथी नरेश यादव अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, 27 अक्टूबर की रात अवस्थी चौराहे पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो लोगों को रोकने का इशारा किया गया। दोनों भागने लगे और पीछा करने पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। ग्राम शिहोरचक के पास बाइक फिसलने से दोनों गिर गए। इसके बाद पीछे बैठे रामअशीष ने पेड़ की आड़ लेकर पुलिस को गोली मारने की धमकी दी और दोबारा फायरिंग की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।
तीन लाख में तय हुई थी हत्या की सुपारी
पुलिस की पूछताछ में रामअशीष ने बताया कि रुद्रपुर सीएचसी परिसर में रहने वाली महिला की हत्या की साजिश में वह शामिल था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ में दावा किया कि सत्यप्रकाश यादव के माध्यम से महिला के परिजनों की ओर से हत्या के लिए तीन लाख रुपये की सुपारी तय हुई थी। इसमें ढाई लाख रुपये पहले मिल चुके थे, जबकि शेष 50 हजार रुपये लेने के लिए वह अपने साथी नरेश के साथ जा रहा था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि 24 और 25 अक्टूबर की रात वह अपने साथियों के साथ सीएचसी परिसर पहुंचा था। कथित तौर पर कुछ लोग आसपास निगरानी कर रहे थे, जबकि महिला की हत्या आवास के भीतर की गई। पुलिस अब इस बयान के आधार पर साजिश में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
25 अक्टूबर को डायल-112 पर सीएचसी की स्टाफ नर्स पूर्णिमा ने सूचना दी थी कि परिसर स्थित आवास में उसकी भाभी गुड़िया मृत मिली हैं। सूचना पर पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया था। मृतका की मां लालती देवी निवासी करहकोल, थाना एकौना की तहरीर पर रुद्रपुर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 513/2026 दर्ज किया गया था। इसमें चमनलाल विश्वकर्मा, अभिमन्यु विश्वकर्मा, उर्मिला देवी और पूर्णिमा को नामजद किया गया था। मामले में बीएनएस की धारा 80(2), 85 तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 के तहत मुकदमा दर्ज है।
पुलिस के मुताबिक, रामअशीष यादव (48) निवासी छपरा, थाना गगहा, गोरखपुर इस मामले की विवेचना में वांछित था। फरार आरोपी नरेश यादव भी इसी गांव का निवासी बताया गया है। पुलिस उसकी तलाश और हत्या की साजिश में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।
मुठभेड़ की कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक कल्याण सिंह सागर के नेतृत्व में रुद्रपुर पुलिस टीम ने की।

Related Articles

Back to top button