यूपी एमएलसी काउंटिंग, 11 में से 7 सीटों के रुझान, सपा 4, भाजपा 3 पर आगे
यूपी में विधान परिषद (एमएलसी) की 11 सीटों में से सात सीटों पर रुझान आने शुरू हो गए हैं। इन सात में से चार पर सपा और तीन पर भाजपा आगे है। पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी की शिक्षक सीट पर अखिलेश यादव की सपा के लाल बिहारी पहले चरण में आगे चल रहे हैं।

UP MLC Election Results 2026 Live Vote Counting: यूपी में विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल माने जा रहे विधान परिषद (एमएलसी) के शिक्षक और स्नातक खंड के वोटों की काउंटिंग जारी है। 11 में से सात सीटों पर रुझान आने लगे हैं। सपा चार और भाजपा तीन सीटों पर आगे चल रही है। विधान परिषद के खंड स्नातक की पांच और खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की छह सीटों पर चुनाव हुआ है। लखनऊ स्नातक और शिक्षक, वाराणसी स्नातक और शिक्षक, आगरा स्नातक और शिक्षक, मेरठ स्नातक और शिक्षक, इलाहाबाद-झांसी स्नातक, बरेली-मुरादाबाद शिक्षक और गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए मतगणना हो रही है। 11 सीटों पर हुए चुनाव की गिनती प्रदेश के सात जिलों में हो रही है। पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी की शिक्षक सीट पर सपा के लाल बिहारी पहले चरण में आगे चल रहे हैं। वहीं लखनऊ में वैध-अवैध मतपत्रों को लेकर हंगामा हो गया।
UP MLC Election Result Live: बरेली में भाजपा के ढिल्लो 4435 मतों से आगे
बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक एमएलसी चुनाव में पहले राउंड के बाद भाजपा के प्रत्याशी डॉ हरि सिंह ढिल्लो 5251 मत प्राप्त कर सबसे आगे चल रहे हैं। समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी हाजी दानिश अख्तर 816 वोट पाकर दूसरे स्थान पर हैं। 8800 वोटों की गिनती के दौरान 686 वोट इनवेलिड पाए गए। चुनाव में 17 प्रत्याशी मैदान में हैं।
UP MLC Election Result Live: हर राउंड की गिनती की जानकारी नहीं दी जा रहीः अखिलेश यादव
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव आयोग के द्वारा हर राउंड का रिज़ल्ट आधिकारिक तौर पर नहीं बताया जा रहा है। ना ही राजनीतिक दलों को और ना ही मीडिया को कोई सूचना साझा की जा रही है। चुनाव आयोग लोकतंत्र का मज़ाक़ ना बनाए. सपा के कार्यकर्ता और पदाधिकारी मतगणना पर पैनी नज़र बनाए हुए हैं। सभी कार्यकर्ता जीत का सर्टिफिकेट मिलने तक मुस्तैद रहेंगे। ज़िलाधिकारी और कमिश्नर अगर किसी प्रकार की बेईमानी की कोशिश करेंगे तो उनके ख़िलाफ़ हम आंदोलन करेंगे और मुक़दमा दर्ज कराएंगे।
UP MLC Election Result Live: अखिलेश यादव का जानबूझकर गिनती में देरी का आरोप
अखिलेश यादव ने गिनती को जानबूझकर धीरे कराने और देरी कराने का आरोप अधिकारियों पर लगाया है। अखिलेश ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार तत्काल संज्ञान लेने और रिज़ल्ट को पारदर्शी बनाने की अपील की है। कहा कि यूपी MLC मतगणना में जानबूझकर देरी कराई जा रही है। मतों को धीरे धीरे गिनवाया जा रहा है।



