संस्कृत प्रतिभा खोज में मेधावियों ने दिखाया हुनर।
- गीत में सौम्या यादव व सामान्य ज्ञान में आदित्य यादव रहे प्रथम।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता फरेंदा महराजगंज।
राजकीय कन्या इंटर कॉलेज आनंदनगर में उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थान, लखनऊ के तत्वावधान में जनपद स्तरीय संस्कृत प्रतिभा खोज प्रतियोगिता आयोजित की गई। जिसमें संस्कृत गीत एवं संस्कृत सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार व प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
संस्कृत गीत प्रतियोगिता में लिटिल फ्लावर स्कूल की सौम्या यादव प्रथम, इसी विद्यालय की वैष्णवी अग्रहरि द्वितीय व आलमाइटी पब्लिक इंटर कालेज की तूबा बानो तृतीय रहीं। संस्कृत सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में दिग्विजयनाथ इंटरमीडिएट कालेज के आदित्य यादव प्रथम, नित्या शर्मा द्वितीय व रिद्धि विश्वकर्मा तृतीय स्थान पर रहीं। सांत्वना पुरस्कार भी प्रतिभागियों को प्रदान किए गए। मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा ने कहा कि संस्कृत में ज्ञान-विज्ञान के मूल तत्व विद्यमान हैं। संस्कृत में निहित ज्ञान को विश्व के सामने लाकर ही भारत को विश्वगुरु बनाया जा सकता है। विद्यार्थियों से अन्य विषयों के साथ संस्कृत का अध्ययन करने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि उप निरीक्षक संस्कृत पाठशालाएं, गोरखपुर मंडल डॉ. अविनाश पति तिवारी ने कहा कि संस्कृत भारत की आत्मा और भारतीय संस्कृति का आधार है। उन्होंने कहा कि संस्कृत के विद्यार्थी शास्त्र के माध्यम से भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
संयोजक डॉ. राकेश कुमार तिवारी ने कहा कि संस्कृत विद्यार्थियों के लिए शिक्षा के साथ विज्ञान और चिकित्सा सहित विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य रचना शर्मा ने की। संचालन डॉ. ज्योति सिंह व तरुण तिवारी ने किया। निर्णायक मंडल में डॉ. मृत्युंजय तिवारी, डॉ. रामाश्रय राजभर, डॉ. प्रांगेश कुमार मिश्र और डॉ. उमेश चंद्र तिवारी शामिल रहे। जनपद स्तर पर प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागी मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे।


