LIVE TVअपराधउत्तर प्रदेशदेवरियाब्रेकिंग न्यूज़राज्य

ठेला हटाने को लेकर कहासुनी के बाद चाकू से हमला

सलेमपुर, देवरिया। गांधी चौक पर शनिवार दोपहर ठेला हटाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते चाकूबाजी में बदल गया। पुलिस पिकेट से महज एक-दो मीटर की दूरी पर एक युवक के सिर पर चाकू से हमला कर दिया गया। सिर में चोट लगने से युवक लहूलुहान हो गया। घटना के बाद आरोपी ठेला चालक मौके से भाग निकला। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
हरैया वार्ड संख्या आठ निवासी राकेश मिश्रा शनिवार को करीब एक बजे गांधी चौक पहुंचे थे। पुलिस पिकेट के समीप बाइक खड़ी कर वह फुटपाथ पर सामान बेच रहे एक व्यक्ति से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान कीवी से भरा ठेला लेकर पहुंचे चालक ने बाइक हटाने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया। आरोप है कि ठेला चालक ने चाकू निकाल लिया और राकेश मिश्रा के सिर पर वार कर दिया। अचानक हुए हमले से वहां अफरा-तफरी मच गई। सिर से खून बहने लगा तो राकेश ने गमछे से घाव दबाकर रक्तस्राव रोकने का प्रयास किया। इसके बाद उन्होंने मोबाइल से पीआरबी-112 को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही पीआरबी और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायल को तत्काल सीएचसी सलेमपुर ले जाया गया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। उधर, आरोपी के फरार होने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीम गांधी चौक से लेकर अस्पताल के गेट तक उसकी तलाश में दौड़ती रही। पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!