महिला को झांसा देकर उचक्कों ने की टप्पेबाजी

टॉप्स व मंगलसूत्र लेकर फरार, पुलिस सीसी कैमरे की फुटेज खंगाल रही
स्वाभिमान जागरण देवरिया। जिले के लार कस्बे के कोइरी टोला वार्ड में सोमवार को दो उच्चक्कों ने महिला को उसके बेटे का दोस्त बताकर झांसे में लिया और सुनसान स्थान पर ले जाकर शरीर पर पहने सोने के आभूषण उतरवा लिए। वारदात के बाद आरोपी बाइक से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
बताया जाता है कि कोइरी टोला वार्ड निवासी महिला के पास दो युवक बाइक से पहुंचे। दोनों ने खुद को महिला के बेटे का दोस्त बताते हुए उससे बातचीत की। उनकी बातों पर विश्वास कर महिला उनके साथ बाइक पर बैठ गई। युवक उसे शास्त्रीनगर वार्ड में एक सुनसान स्थान पर ले गए।
आरोप है कि वहां पहुंचते ही युवकों ने महिला को बाइक से उतार दिया और धमकी देते हुए उसके कान में पहने सोने के टॉप्स तथा गले का मंगलसूत्र उतरवा लिया। इसके बाद दोनों आरोपी बाइक से मौके से फरार हो गए। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग वहां पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी काफी दूर निकल चुके थे।
महिला ने घर पहुंचकर घटना की जानकारी पति को दी। इसके बाद पति ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों की गिरफ्तारी और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है। आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।



