भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी की कोशिश नाकाम, यूरिया की सात और डाई की दो बोरियां बरामद।
कोल्हुई पुलिस ने ऑटो चालक को किया गिरफ्तार, कस्टम कार्यालय नौतनवा भेजने की तैयारी।

दैनिक स्वाभिमान जागरण महराजगंज।
भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोल्हुई पुलिस ने बुधवार को एक ऑटो वाहन से सात बोरी भारतीय यूरिया खाद और दो बोरी डाई बरामद की। पुलिस ने मौके से एक युवक को गिरफ्तार कर ऑटो को भी कब्जे में ले लिया।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में की जा रही कार्रवाई के क्रम में 28 अक्टूबर को शाम करीब 4:45 बजे कोल्हुई थाना क्षेत्र के भारत पेट्रोल पंप के पास एनएच-24 पर चेकिंग के दौरान यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने ऑटो संख्या UP53JT4726 की जांच की तो उसमें सात बोरी भारतीय यूरिया खाद और दो बोरी डाई मिली।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान राम कुमार गुप्ता (22) पुत्र गंगा प्रसाद, निवासी एकसड़वा, थाना कोल्हुई, जनपद महराजगंज के रूप में हुई। पुलिस ने मामले में आरोपित के विरुद्ध कस्टम्स अधिनियम की धारा 113 के तहत कार्रवाई करते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए उसे कस्टम कार्यालय, नौतनवा भेजने की प्रक्रिया शुरू की है।
इस कार्रवाई में कोल्हुई थाने के कांस्टेबल अमित यादव द्वितीय शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि सीमा क्षेत्र में अवैध तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए अभियान जारी रहेगा।



