नौतनवा का ‘टेस्टी पिज़्ज़ा पैराडाइज’ FSSAI जांच के घेरे में, लटकी कार्रवाई की तलवार।
मानक पूरे न करने वाले रेस्टोरेंट होंगे सील-डीएम का निर्देश।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता, लक्ष्मीपुर, महराजगंज।
जनपद के नौतनवा स्थित ‘टेस्टी पिज़्ज़ा पैराडाइज’ रेस्टोरेंट गंभीर लापरवाही और प्रशासनिक जांच के घेरे में आ गया है। बीते 17 सितंबर 2026 को एक ग्राहक द्वारा ऑर्डर किए गए भोजन कढ़ाई पनीर, चावल, तावा रोटी और पानी की बोतल मंगाई गई। खाना खाने के दौरान ग्राहक के मुंह में लगभग 12 मिमी का स्टील का टुकड़ा चला गया। इस गंभीर मामले को पत्रकार ब्रजेन्द्र पाण्डेय आकाश ने उजागर किया, जिससे तिलमिलाए होटल मालिक द्वारा रंगदारी का झूठा आरोप लगाने का वीडियो वायरल किया, जिसके बाद जिले भर के पत्रकारों में भारी आक्रोश फैल गया। नाराज पत्रकारों ने जिला मुख्यालय पहुंचकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा और रेस्टोरेंट मालिक पर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने त्वरित संज्ञान लिया है। साथ ही, उक्त निजी रेस्टोरेंट समेत जिले के सभी होटलों और ढाबों में FSSAI (भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण) मानकों की जांच के लिए व्यापक अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से मानकविहीन खाद्य प्रतिष्ठानों में हड़कंप मच गया है, और नियमों की अनदेखी करने वाले रेस्टोरेंट पर सीलिंग की कार्रवाई तय मानी जा रही है।



