घर में घुसकर किशोरी से छेड़छाड़ का आरोप, अश्लील वीडियो बनाने की भी शिकायत
शोर मचाने पर मारपीट और धमकी देने का आरोप, पिता ने थाने में दी तहरीर; पुलिस जांच में जुटी

खखरेरू फतेहपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में घर में घुसकर किशोरी के साथ छेड़छाड़ करने और उसका अश्लील वीडियो बनाने का आरोप लगाते हुए किशोरी के पिता ने पुलिस को तहरीर दी है। परिजनों ने आरोपी युवक पर पूर्व में भी किशोरी को परेशान करने और वीडियो के जरिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है।
किशोरी के पिता के मुताबिक, 27 सितंबर को घर के अन्य सदस्य मौजूद नहीं थे। इसी दौरान पड़ोस का रहने वाला विकास कुमार पुत्र उमाशंकर कथित रूप से बाउंड्री फांदकर घर में दाखिल हो गया। आरोप है कि घर में मौजूद किशोरी के साथ उसने छेड़छाड़ की। किशोरी के शोर मचाने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गया।
परिजनों का आरोप है कि आरोपी इससे पहले भी किशोरी के साथ ऐसी हरकत करने का प्रयास कर चुका है। उनका यह भी आरोप है कि आरोपी ने किशोरी का अश्लील वीडियो बना रखा है और वीडियो के जरिए लगातार उसे परेशान किया जा रहा है। घटना के बाद परिजनों में आक्रोश है। पिता ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
घटना के संबंध में थाना प्रभारी सतपाल सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



