महाराजगंज

सत्र बढ़ाकर किए जाएंगे शत प्रतिशत नियमित टीकाकरण

बच्चों को 12 जानलेवा बीमारियों से बचाता है संपूर्ण टीकाकरण

सभी टीकाकरण सत्रों का विजिट करेंगे पर्यवेक्षक

स्वाभिमान जागरण संवाददाता महराजगंज

जिले में शत प्रतिशत गर्भवती और शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों का नियमित टीकाकरण कराया जाएगा। इसके लिए टीकाकरण सत्र भी बढ़ाया जाएगा। सघन सर्वे करके सात प्रपत्रों के आधार माइक्रोप्लान तैयार करने के लिए सभी ब्लाकों के संबंधित स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित किया गया है। सभी टीकाकरण सत्रों का विजिट करने के लिए पर्यवेक्षकों को भी निर्देशित किया गया है। इस संबंध में जिला प्रतिरक्षण अधिकारी( डीआईओ) डाॅ.केपी सिंह ने बताया कि गत वर्ष जिले में नियमित टीकाकरण की 96 प्रतिशत उपलब्धि रही। इस वर्ष शत प्रतिशत उपलब्धि के लिए स्वास्थ्य विभाग ने पहले से तैयारी शुरू कर दी है। तैयारी के क्रम में सबसे पहले संबंधित स्वास्थ्य कर्मियों को सघन सर्वे कर माइक्रोप्लान तैयार करने के लिए कहा गया है। अधिकांश ब्लाकों ने माइक्रोप्लान तैयार भी कर लिया है। गुणवत्ता पूर्ण टीकाकरण के लिए सभी डाटा हैंडलर्स तथा कोल्डचेन हैंडलर्स को प्रशिक्षित भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी एएनएम को निर्देशित किया गया है जिन लाभार्थियों का टीकाकरण हो उसका विवरण यू-विन पोर्टल पर जरूर फीड किया जाए। आशा और एएनएम से कहा कि छाया वीएचएसएनडी सत्र पर ही अगले सत्र के लिए लिस्ट तैयार कर लिया जाए। आशा और एएनएम की ड्यू लिस्ट में एकरूपता होनी चाहिए। ताकि शत प्रतिशत पात्र लाभार्थियों का टीकाकरण कराया जा सके। डीआईओ ने यह भी बताया कि जिला अस्पताल में सातों दिन तथा नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पर मंगलवार से रविवार तक शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों तथा गर्भवती का टीकाकरण किया जाता है। जबकि प्रत्येक बुधवार और शनिवार को छाया ग्राम स्वास्थ्य एवं स्वच्छता और पोषण दिवस पर नियमित टीकाकरण होता है ।

बारह जानलेवा बीमारियों से बचाता है, टीकाकरण 

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डाॅ.सिंह ने बताया कि नियमित टीकाकरण से बच्चों को बारह जानलेवा बीमारियों से बचाया जा सकता है। इन बीमारियों में टीबी, हेपेटाइटिस-बी, पोलियो, गलघोंटू, काली खांसी, टिटनेस, डायरिया, निमोनिया, खसरा, रूबेला एवं जापान इंसेफेलाइटिस आदि बीमारी शामिल हैं। इन सभी बीमारियों से बचाने के लिए पांच साल में सात बार टीकाकरण कराना जरूरी है।

Dainik Swabhiman Jagran

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!