स्वाभिमान जागरण संवाददाता
देवरिया। यूपी -बिहार बार्डर पर स्थित लार थाना के मेहरौना में स्कूल की बच्चियों के पीछे कुछ मनचले पड़े हैं। लोकलाज और बदनामी के डर से स्कूली छात्राएं जुबां नहीं खोल रहीं। कुछ छात्राओं ने अपने घर इस बात की जानकारी दी। छात्राएं या उनके स्वजन पुलिस को कोई लिखित या मौखिक सूचना तो नहीं दिए लेकिन समाज के प्रबुद्धवर्ग के कानो तक बात पहुंचा दिए। इस गंभीर मसले पर अधिवक्ता पवन कुमार मिश्र ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित , देवरिया की जिलाधिकारी, सूबे के पुलिस प्रमुख डीजीपी को ट्वीट के माध्यम से यह शिकायत दर्ज करा दी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि स्कूल से छात्राओं के निकल कर घर जाते समय मेहरौना के कुछ मनचले पीछे लग जाते हैं। गलत इशारे करते हैं। छेड़छाड़ करते हैं। अधिवक्ता की शिकायत पर देवरिया पुलिस की तरफ से जवाब दिया गया है कि मामला प्रभारी निरीक्षक को जांच एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा गया है।
हुजूर! इस प्रकार के यौन अपराध पर लगाम लगाने की जरूरत है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तो आप को बहुत पॉवर दिया है। उन्होंने तो यहां तक कहा है कि यदि किसी बेटी से छेड़खानी की तो अगले चौराहे पर यमराज मिलेंगे। हुजूर! आप कुछ तो कीजिए। सरकार के बेटी बचाओ , बेटी पढ़ाओ का स्लोगन तभी सार्थक होगा जब स्कूल से निकलकर सुरक्षित ढंग से बेटियां अपने घर चली जाएंगी।
आप को बताते चलें कि वर्ष 2017 में प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी महराज ने वर्ष 2018 में एंटी रोमियो दस्ते का गठन किया था। इसमें शामिल पुलिसकर्मी को स्कूल, कालेज, शहर के मुख्य बाजारों, मंदिर, भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर गश्त कर बालिकाओं, महिलाओं से बातचीत कर उन्हें सुरक्षा के संबंध में जागरूक करना था। पुलिस आज भी जागरूकता अभियान तो समय समय पर चलाती है लेकिन इन दिनों एंटी रोमियो के तहत कोई मनचला पकड़ा नहीं जा रहा है।



