अपराधउत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़महाराजगंज

ग्राम पंचायत सेमरा में सरकारी धन की बंदरबाट, प्रधान और सचिव पर लाखों रुपए के घोटाले का आरोप।

 

स्वाभिमान जागरण संवाददाता महराजगंज

जनपद के मिठौरा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत सेमरा में ग्राम प्रधान कृष्ण और पंचायत अधिकारी द्वारा सरकारी धन के गबन का मामला सामने आया है। आरोप है कि इन दोनों ने मिलकर शासन की मंशा को नकारते हुए फर्जी तरीके से पंचम वित्त, स्वच्छता सामग्री, पन्द्रहवां वित्त, और विभिन्न अन्य विकास कार्यों में लाखों रुपये का गबन किया है। सेमरा गांव के रामाज्ञा के साथ बिकाऊ, सूरज यादव, प्रकाश यादव, मुन्ना गुप्ता, रामबेलास, मुरलीधर यादव आदि दर्जनों ग्रामीणों ने डीएम को इसी मामले को लेकर ज्ञापन सौंपा है। उनका आरोप है कि ग्राम प्रधान और पंचायत अधिकारी ने पंचायत के विभिन्न कार्यों जैसे स्ट्रीट लाइट, सीसीटीवी कैमरे की स्थापना, नाली मरम्मत, पंचायत भवन के मरम्मत, तथा दिव्यांग शौचालय निर्माण पर फर्जी भुगतान किया। इसके अलावा, शिलाफलम निर्माण कार्य में राज्यवित्त और मनरेगा दोनों से भुगतान कराकर भी गबन किया गया, जबकि इस कार्य का भुगतान केवल मनरेगा से ही होना चाहिए था।

इस घोटाले में ग्राम प्रधान और पंचायत अधिकारी ने सरकारी धन का खुलेआम दुरुपयोग कर विकास कार्यों के मद में मिली राशि को आपस में बाँट लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वतंत्र और निष्पक्ष जाँच की मांग की है ताकि सरकारी धन की वसूली की जा सके और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। उनका कहना है कि ऐसी अनियमितताओं से सरकारी योजनाओं की साख पर आंच आती है और विकास कार्यों में रुकावट आती है। अब देखना है जिला प्रशासन इस घोटाले के आरोपों पर क्या कदम उठाती है और जांच कराकर किस तरह की कार्रवाई करती है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!