मर्जर नीति जनविरोधी- विजय सिंह
*विद्यालय बन्द, शराब की दुकानें खुली- भाजपा सरकार की नीति पर कांग्रेस का हमला।*

स्वाभिमान जागरण संवाददाता, महराजगंज
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय सिंह एडवोकेट ने सोमवार को एक प्रेस वार्ता कर भाजपा सरकार की शिक्षा नीति पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान प्रदेश सरकार की प्राथमिकता शिक्षा नहीं, बल्कि प्रदेश की जनता को नशे की ओर ले जाना है। उन्होंने कहा कि “जहां पांच हजार कम्पोजिट विद्यालयों को बंद कर दिया गया है, वहीं पचास हजार मधुशालाओं (शराब की दुकानों) को खोला जा रहा है। यह सरकार की जनविरोधी और भविष्यविरोधी नीति को दर्शाता है।” विजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस निर्णय का पुरजोर विरोध करेगी। “शिक्षा का अधिकार अधिनियम कांग्रेस सरकार की देन है, लेकिन भाजपा सरकार इस व्यवस्था को नष्ट कर समाज को अशिक्षित बनाने की साजिश कर रही है।”उन्होंने तेलंगाना राज्य का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां कांग्रेस सरकार हर बच्चे की शिक्षा के लिए स्कूल की व्यवस्था कर रही है, जबकि उत्तर प्रदेश में विद्यालयों को ही बंद किया जा रहा है। प्रेस वार्ता में यह भी बताया गया कि वर्तमान में प्रदेश में एक लाख से अधिक शिक्षकों के पद रिक्त हैं, जिन्हें भरने के बजाय विद्यालयों का मर्जर किया जा रहा है। इससे न केवल बच्चे शिक्षा से वंचित होंगे, बल्कि सफाईकर्मी, रसोइया और अन्य कर्मचारी भी बेरोजगार हो जाएंगे। कांग्रेस की माँग और आंदोलन की घोषणा
कांग्रेस पार्टी ने सरकार से मांग की है कि विद्यालयों के मर्जर का निर्णय तुरंत वापस लिया जाए। यदि ऐसा नहीं हुआ, तो कांग्रेसजन स्कूलों के गांवों तक जाकर अभिभावकों को जागरूक करेंगे और व्यापक जन आंदोलन खड़ा करेंगे। सभी तहसील मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन भी किए जाएंगे।प्रेस वार्ता में युवा हल्ला बोल के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष गोविन्द मिश्रा, मीडिया चेयरमैन जय प्रकाश लाल, जिलाकोषाध्यक्ष कपिल देव शुक्ला, जिला उपाध्यक्ष डॉ. रामनारायण चौरसिया, विनोद सिंह, नगर अध्यक्ष विजय कान्त सिंह सहित कई कांग्रेस नेता उपस्थित रहे।



