देवरिया में एडीजी जोन मुथा अशोक जैन ने पुलिस अधिकारिओं के साथ की बैठक
दिये आवश्यक निर्देश

स्वाभिमान जागरण संवाददाता
देवरिया।आज दिनांक 17.07.2025 को अपर पुलिस महानिदेशक, गोरखपुर जोन, गोरखपुर श्री मुथा अशोक जैन द्वारा देवरिया पुलिस लाइन स्थित सभागार में एक उच्चस्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक देवरिया श्री विक्रान्त वीर, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी श्री अरविन्द कुमार वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी श्री सुनील कुमार सिंह सहित जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारीगण एवं प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्ष उपस्थित रहे। बैठक का उद्देश्य जनपद में कानून-व्यवस्था की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करना तथा पुलिस कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करना रहा।
अपर पुलिस महानिदेशक महोदय द्वारा अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण, महिला सुरक्षा, साइबर क्राइम, बीट व्यवस्था, पुलिस-जन सहयोग तथा पुलिसकर्मियों के आचरण संबंधी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विशेष रूप से चर्चा की गई।
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए मजबूत खुफिया तंत्र, सुदृढ़ गश्त व्यवस्था एवं प्रभावी पेट्रोलिंग आवश्यक है। क्षेत्राधिकारीगण व थानाध्यक्षों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने थाना क्षेत्रों में सक्रिय अपराधियों की सूची तैयार कर उनके विरुद्ध निरंतर कार्यवाही करें। उन्होंने यह भी कहा कि महिला अपराधों के मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और महिला हेल्प डेस्कों को और अधिक संवेदनशील तथा सक्रिय बनाया जाए।
साइबर अपराधों की बढ़ती प्रवृत्ति को देखते हुए, उन्होंने संबंधित शाखा को सशक्त करने और आमजन को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने हेतु विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया। साथ ही, बीट पुलिसिंग को प्रभावी ढंग से लागू करने हेतु निर्देशित किया गया, ताकि आमजन से सीधे संवाद बना रहे और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके।
बैठक में श्रावण मास (सावन) को देखते हुए कांवड़ यात्रा, शिवालयों में बढ़ने वाली भीड़, तथा धार्मिक आयोजनों के दृष्टिगत विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए। श्री मुथा अशोक जैन द्वारा सभी थानाध्यक्षों को यह निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में शिव भक्तों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था और मेडिकल सहायता के संबंध में संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करें। साथ ही, संवेदनशील एवं अति संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी, और रूट डायवर्जन जैसी व्यवस्थाएँ समय रहते सुनिश्चित की जाएँ।
उन्होंने यह भी कहा कि कांवड़ यात्रियों एवं श्रद्धालुओं के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए और किसी प्रकार की अफवाह या सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी पर तुरंत कार्रवाई की जाए।
मीटिंग के दौरान जिले की कानून व्यवस्था, अपराधों की प्रवृत्ति, पुलिस थानों की कार्यप्रणाली, तथा नक्सल प्रभावित क्षेत्रों की सतत निगरानी जैसे विषयों पर विस्तार से मंथन किया गया। श्री मुथा अशोक जैन ने निर्देशित किया कि थाना स्तर पर जनसुनवाई की प्रक्रिया को पारदर्शी और प्रभावी बनाया जाए तथा आम नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक के पश्चात अपर पुलिस महानिदेशक महोदय द्वारा पुलिस लाइन स्थित आरटीसी बैरकों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रशिक्षुओं से संवाद किया गया, तदोपरान्त महोदय द्वारा ट्रेनी पुलिस कर्मियों के ठहरने की व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, भोजन एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का गहन अवलोकन किया गया। उन्होंने बैरकों में साफ-सफाई व अनुशासन को बनाए रखने हेतु अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देशित किया तथा आवश्यक सुधार कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। एडीजी जोन ने प्रशिक्षण की गुणवत्ता एवं ट्रेनी जवानों के शारीरिक व मानसिक विकास को प्राथमिकता देने पर बल दिया। साथ ही प्रशिक्षण के दौरान सुरक्षा, अनुशासन और दक्षता को बढ़ावा देने की बात कही।



