इटहिया शिव मंदिर पर अंतिम सोमवार को उमड़ा आस्था का जनसैलाब

स्वाभिमान जागरण संवाददाता ,महराजगंज श्रावण मास के आठवें व अंतिम सोमवार को इंडो नेपाल सीमा से सटे निचलौल ब्लॉक अंतर्गत इटहिया स्थित पंचमुखी शिव धाम में बीती रात से ही जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। गोरखपुर, महराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, पड़ोसी मित्र देश नेपाल के श्रद्धालु सुबह दो बजे मंदिर का कपाट खुलते ही पंचमुखी स्वरूप में विराजमान भगवान भोले को प्रसन्न करने के लिए गंगाजल, शहद दूध से जलाभिषेक करने और भगवान भोले को कमल पुष्प, बेलपत्र,धतूरा और मदार अर्पित करने हेतु श्रद्धालु कतार बद्ध होकर उमड़ पड़े। शिवभक्तों ने भगवान भोले शंकर का जलाभिषेक कर मानव कल्याण के सुख समृद्धि की कामना की। सावन का पूरा महीना भगवान भोले शंकर का माना जाता है. लेकिन सावन में पड़ने वाले सोमवार का विशेष महत्व है। इस बार सावन में मलमास होने की वजह से कुल आठ सोमवार पड़े थे।सावन के सोमवार को लेकर श्रद्धालुओं की ऐसी मान्यता और आस्था है कि सावन के सोमवार का व्रत रखने और सच्चे मन से भगवान भोले की आराधना से सभी मनोकामनायें पूर्ण होती हैं. सावन में सुहागिनें जहां अपने पति और बेटे की लंबी उम्र के लिए भगवान भोले की पूजा अर्चना करती है. वहीं कुंवारी कन्याओं द्वारा भगवान भोले की आराधना किए जाने से उन्हें अच्छे वर की प्राप्ति भी होती है.
सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिकोण से चप्पे चप्पे पर पुलिस कर्मी तैनात रहे वही ड्रोन कैमरे व सीसीटीवी की मदद से संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही थी। थाना ठुठीवारी प्रभारी निरीक्षक जेपी सिंह यादव थाना निचलौल प्रभारी सत्य प्रकाश सिंह मेला प्रभारी अजय कुमार शीतलपुर चौकी प्रभारी नीरज कुमार बहुआर चौकी प्रभारी मनीष पटेल मय हमराह भ्रमणशील होकर चप्पे- चप्पे रहे पल पल का जायजा लेते दिखे|



