दियारा क्षेत्र से पशुपालकों का पलायन, अपने जानवरों के साथ सुरक्षित स्थानों पर शरण
पशुओं को चारे का संकट

पांडे एन डी देहाती /स्वाभिमान जागरण
देवरिया। जिले में परसिया देवार से लेकर नदौली देवार तक सरयू नदी का पानी पसर चुका है। बरहज में सरयू नदी खतरे के निशान से एक मीटर ऊपर बह रही है। बरहज थाना घाट की सीढ़ियां डूब चुकी हैं। परसिया और विशुनपुरा देवार में पानी चढ़ गया है। भदिला प्रथम चारों तरफ से पानी में घिर चुका है। मईल में देवरहा बाबा आश्रम पर जाने वाली सड़क पर सरयू नदी का पानी चढ़ गया है। तुर्तीपार रेगुलेटर पर सरयू नदी खतरे के निशान से 44 सेमी ऊपर बह रही है। देवरहा बाबा आश्रम बाढ़ के पानी से घिर चुका है।आश्रम में पानी भरने से गौशाला के गायों के रहने खाने की दिक्क़त आ गयी है। सरयू नदी के उफान ने कई गांवों को धीरे धीरे अपने बाढ़ की चपेट में लेना शुरू कर दिया है , जिससे लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। लार थाना के नदौली के दियारा क्षेत्र में पानी भर गया है। दियारा क्षेत्र में गाय भैस पालने वाले पशु पालक अपने जानवरों को लेकर सुरक्षित स्थानों पर निकल चुके हैं। कई पशुपालक अपने जानवरों को लेकर सुतावर में निर्माणाधीन राम जानकी मार्ग पर शरण लिए हैं। वे अपने जानवरों को चरा कर किसी प्रकार उनका पालन कर रहे हैं।
बाढ़ खंड के सहायक अभियंता उपेंद्र प्रसाद ने दावा किया है कि हालात काबू में हैं। 24 घंटे में जल स्तर में कमी आ जायेगी।