लार में अराजक तत्वों ने यज्ञ हेतु लगे 22 धर्मध्वज उखाड़ फेंके
सनातन धर्म का अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे : स्वामी आनंद स्वरूप

पांडे एन डी देहाती / स्वाभिमान जागरण


देवरिया। जिले के लार थाना क्षेत्र के जमसड़ा गाँव में यज्ञ के लिए स्थापित किए गए 22 धर्मध्वज को 30/31 की रात अराजक तत्वों ने उखाड़ कर फेंक दिया। क्षेत्र में अराजक तत्वों का बोलबोला इतना प्रबल है की कोई उनके भय से मुंह भी नहीं खोलता। सनातन विरोधियों के इस कृत्य से लोगों में आक्रोश है। सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंची थी, लेकिन किसने यह कृत्य किया? उसके खिलाफ कौन कार्रवाई हो रही? इस मसले पर पुलिस मौन है।
विकास खंड लार क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत जमसडा में आगामी 2 फरवरी 2026 को रूद्र चंडी महायज्ञ एवं सामूहिक विवाह कार्यक्रम होना सुनिश्चित है। उक्त कार्य हेतु 20 जुलाई को लार प्रमुख प्रतिनिधि अमित कुमार सिंह बबलू व प्रधान संघ अध्यक्ष आसनारायण सिंह, ग्राम प्रधान घनश्याम गुप्ता सहित सैकड़ों सनातन प्रेमियों की अगुआई में 200 लोहे के पाइप में सनातन धर्म का ध्वज स्थापित कर यज्ञ क्षेत्र को चिन्हित किया गया। ग्रामीणों में काफी उत्साह था। यज्ञ की तैयारियों में लोग लगे थे, इस बीच 22 ध्वज को अराजक तत्वों ने उखाड़ फेंका। यज्ञ आयोजन कमेटी के संयोजक व ग्राम प्रधान घनश्याम गुप्ता और डॉ शैलेंद्र कुमार मौर्य ने दूरभाष से पुलिस प्रशासन को सूचित किया। सूचना पर पुलिस फोर्स घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों से उक्त प्रकरण के बारे में जानकारी प्राप्त किया।
घटना की सूचना पर हरिद्वार स्थित शाम्भवी पीठाधीशवर स्वामी आनंद स्वरुप महराज ने इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं होने पर आश्चर्य व्यक्त किया है। उन्होंने कहा है कि स्थानीय पुलिस मामले की लीपापोती कर रही है।शीघ्र उन अराजक तत्वों पर कार्रवाई करे, यदि पुलिस इस मामले में लीपापोती करेगी और सद्भाव बिगाड़ने वाले तत्वों पर नरमी बरतेगी तो सनातन धर्म की रक्षा के लिए काली सेना के स्वयं सेवक यज्ञ की रक्षा के लिए आगे आएंगे।



