क्षेत्र की बेटी ने बढ़ाया मान,सृष्टि सिंह बनीं लेफ्टिनेंट
देवरिया जिले के लार ब्लाक के राम नगर की बेटी पर सभी को गर्व है

पांडे एन डी देहाती /स्वाभिमान जागरण
देवरिया। जरूरी नहीं रौशनी चिरागों से ही हो,
बेटियाँ भी घर में उजाला किया करती हैं। घर ही नहीं पूरे क्षेत्र को आज एक बेटी ने प्रकाशमान कर दिया। क्षेत्र की एक बेटी ने लेफ्टिनेंट बन कर क्षेत्रवासियों का गौरव बढ़ा दिया। कुल परिवार की मर्यादा बढ़ा दी।
इस बेटी का नाम है सृष्टि सिंह। सृष्टि सिंह देवरिया जिले के लार ब्लाक क्षेत्र के राम नगर गाँव की बेटी है। सेना में शामिल होकर लेफ्टिनेंट का पद हासिल किया है। यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार के लिए बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व और गौरव का विषय है। सृष्टि सिंह ने अपनी लगन, मेहनत और अनुशासन से यह साबित कर दिया कि बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। सृष्टि सिंह, पिता सुनील सिंह और माता सुधा सिंह की पुत्री हैं। बचपन से ही पढ़ाई में होनहार रहीं सृष्टि ने प्रारंभिक शिक्षा गांव और आसपास के विद्यालयों से पूरी की। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) से बी.टेक की पढ़ाई पूरी की। तकनीकी क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उन्होंने यह ठाना कि वे देश की सेवा केवल कॉर्पोरेट नौकरी में नहीं बल्कि भारतीय सेना जैसी अनुशासित और गौरवपूर्ण सेवा में करेंगी।बी.टेक के बाद उन्होंने कठिन प्रतिस्पर्धी परीक्षा संयुक्त रक्षा सेवा परीक्षा (CDS) पास की। देशभर से लाखों छात्र-छात्राएं इस परीक्षा में शामिल होते हैं, जिनमें से चुनिंदा अभ्यर्थियों का ही चयन होता है। सृष्टि का नाम उनमें शामिल होना उनके परिश्रम और दृढ़ संकल्प का परिणाम है।चयन के बाद सृष्टि को ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी (OTA) चेन्नई भेजा गया। यह वह जगह है जहां युवाओं को एक कुशल और अनुशासित अधिकारी बनने के लिए कठोर प्रशिक्षण दिया जाता है। कई महीनों तक उन्होंने परेड, हथियारों का ज्ञान, युद्धकला, शारीरिक व मानसिक मजबूती जैसे तमाम परीक्षण सफलतापूर्वक पूरे किए। 6 सितम्बर 2025 को वह पास आउट होकर औपचारिक रूप से भारतीय सेना का हिस्सा बन गईं। इस समारोह में उनके नाम की घोषणा लेफ्टिनेंट के रूप में हुई और अब उन्हें पहली पोस्टिंग अमृतसर की आर्टिलरी रेजिमेंट में मिली है।
सृष्टि सिंह के पिता सुनील सिंह ने बेटी की उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि आज हमारी बेटी ने पूरे गांव और जनपद का नाम रोशन किया है। हमें इस बात की खुशी है कि उसने देश की सेवा का मार्ग चुना। यह केवल हमारे परिवार ही नहीं बल्कि पूरे देवरिया जिले के लिए सम्मान की बात है। माता सुधा सिंह की आंखों में खुशी के आंसू थे। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी ने बचपन से ही मेहनत और लगन से पढ़ाई की और अब देश की रक्षा के लिए खड़ी होगी, यह सोचकर उनका सीना गर्व से चौड़ा हो रहा है।



