नगर पंचायत खखरेरू में जाम की समस्या बनी हुई है, एम्बुलेंस भी फंसी

खखरेरू फतेहपुर नगर पंचायत खखरेरू के मेन रोड पर जाम की समस्या लगातार बनी हुई है। शनिवार को भी मेन रोड पर जाम की समस्या देखने को मिली, जिसमें एक एम्बुलेंस भी लगभग एक घंटे से अधिक समय तक फंसी रही। जाम का मुख्य कारण सड़क किनारे अतिक्रमण और वाहनों की अवैध पार्किंग है।
नगर पंचायत की अनदेखी से बढ़ी समस्या
नगर पंचायत के अधिशाषी अधिकारी के न आने से समस्या और भी बढ़ गई है। लोगों का आरोप है कि अधिकारी अपने निजी कार्यों में व्यस्त रहते हैं और नगर की समस्याओं की ओर ध्यान नहीं देते हैं। महीने में दस दिन भी आ जाए तो बहुत अच्छी बात है। लोगों ने रोड किनारे दुकानों का सामान और बाइक, कार खड़ी करने से मना किया और यातायात व्यवस्था को सुचारु रूप से चलाने की अपील की।
ग्रामीणों ने मोर्चा संभाला, जाम खुलवाया
आज शनिवार को प्रशासन के न रहने पर ग्रामीणों ने मोर्चा संभाला और लगभग 2 घंटे बाद जाम खुलवाया। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जाम की समस्या का समाधान किया जाए और अतिक्रमण हटाया जाए। जाम की वजह से स्कूली बच्चों और एम्बुलेंस को निकलने में घंटों लग जाते हैं, जिससे लोगों को भारी परेशानी हो रही है।


