अति वृष्टि से खपरैल मकान ध्वस्त, बाल-बाल बचे परिवार के लोग

तीन कमरे और बरामदा ढहने से मलबे में दबा अनाज व घरेलू सामान, प्रधान ने प्रशासन से मांगी अहैतुक सहायता
सलेमपुर। लगातार तीन दिनों से हो रही बारिश के बीच सलेमपुर तहसील क्षेत्र के विन्दवलिया गांव में एक खपरैल मकान का बड़ा हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में तीन कमरे और बरामदा ध्वस्त हो गया। मकान गिरने के दौरान घर के सदस्य बाल-बाल बच गए। मकान गिरने से अनाज समेत घरेलू सामान मलबे में दब गया, जिससे परिवार के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है।
बताया गया कि विन्दवलिया गांव में करीब 13 कमरों के खपरैल मकान में तीन परिवार रहते हैं। लगातार हो रही बारिश से मकान की दीवारें और छत कमजोर हो गई थीं। शुक्रवार को श्रीकमल मिश्रा के हिस्से के तीन कमरे और बरामदा अचानक धराशायी हो गए। मकान गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। संयोग से उस समय परिवार के सदस्य मकान के उस हिस्से में नहीं थे, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।
मकान के गिरने से कमरे में रखा अनाज, गृहस्थी का सामान और अन्य जरूरी वस्तुएं मलबे में दब गईं। बारिश के बीच खुले में आई गृहस्थी को लेकर पीड़ित परिवार की मुश्किलें बढ़ गई हैं। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से मौके का निरीक्षण कर क्षति का आकलन कराने की मांग की है।
ग्राम प्रधान माहेश्वर मिश्रा बबलू ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को नियमानुसार अहैतुक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि लगातार बारिश से खपरैल मकान का हिस्सा गिरने के कारण परिवार को काफी नुकसान हुआ है। प्रशासन को मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लेते हुए पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता उपलब्ध करानी चाहिए।




