बाजार में बुजुर्ग के हाथ से मोबाइल झपटकर बदमाश फरार

खखरेरू फतेहपुर थाना क्षेत्र के अन्दमऊ गांव निवासी बुजुर्ग का बाजार में सामान खरीदते समय अज्ञात युवक मोबाइल झपटकर फरार हो गया। बुजुर्ग ने शोर मचाकर बदमाश को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन उम्र और कमजोरी के कारण वह उसका पीछा नहीं कर सके। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई और मोबाइल बरामद कराने की गुहार लगाई है।
अन्दमऊ (पोस्ट जयरामपुर) निवासी मूलचन्द्र गुप्ता पुत्र सीताराम गुप्ता ने बताया कि 11 सितंबर की शाम करीब चार बजे वह बाजार में घरेलू सामान खरीदने गए थे। इसी दौरान पीछे से आए एक अज्ञात युवक ने उनके हाथ में रखा मोबाइल झपट लिया और तेजी से भाग निकला। बुजुर्ग ने शोर मचाकर आसपास के लोगों से मदद मांगी, लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुका था।
पीड़ित के अनुसार झपटा गया मोबाइल OPPO K13x 5G है, जिसकी कीमत करीब 16,999 रुपये बताई गई है। घटना के बाद उन्होंने थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी और मोबाइल बरामद करने के साथ आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
थाना प्रभारी सत्यपाल सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।


