लेखपाल आशीष कुमार की मौत एस आई आर के दबाव के चलते हार्ट अटैक से हुई :कांग्रेस
डीएम के बुलाने पर अड़े थे कर्मचारी, एडीएम के पहुंचने के बाद अन्तेष्टि के लिए हुए राजी

स्वाभिमान जागरण देवरिया
एसआईआर डयूटी में वर्क लोड और अत्यधिक तनाव के चलते हार्ट अटैक से लेखपाल आशीष कुमार की मौत हुई है। यह कहना है कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, बसपा आदि दलों के लोगों का। रविवार को दोपहर तक आशीष के दरवाजे पर सामाजिक कार्यकर्ताओ का आना जाना लगा रहा। इस बीच कर्मचारी संघ जिलाधिकारी को बुलाने की मांग पर अड़ा रहा। हालाँकि जिलाधिकारी तो मृत लेखपाल के दरवाज़े पर नहीं पहुंची लेकिन एडीएम, एसडीएम, तहसीलदार व नायब तहसीलदार मृत लेखपाल के घर पहुंच कर शोक संवेदना प्रकट किये। बाद में प्रशासन से वार्ता के बाद परिजन और कर्मचारी संघ अन्तेष्टि के लिए राजी हुए। इस बीच कांग्रेस ने दावा किया है कि देवरिया जिले के सलेमपुर तहसील क्षेत्र के लेखपाल स्वर्गीय आशीष कुमार जी का हार्ट अटैक प्रशासनिक अधिकारी के दवाब के कारण हुआ है। उनकी मृत्यु की सूचना मिलते ही कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजय शेखर मल्ल रोशन के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके पैतृक गांव धनगड़ा के पलानी टोला पहुंच कर उनके परिजनों से मिलकर ढांढस बंधाया।और इस संकट के घड़ी में उनको हर सम्भव मदद करने का आश्वासन दिया तथा उनको न्याय दिलाने तक संघर्ष करने का विश्वास दिया।इस दौरान जिला उपाध्यक्ष डॉ धर्मेंद्र पांडेय, भरत मणि त्रिपाठी ,जिला महासचिव मार्कण्डेय मिश्र, चंदन वर्मा,वशिष्ठ मोदनवाल, रजनीश प्रसाद,युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष गोविंद मिश्र, परमानन्द प्रसाद, प्रियंबद कांक्षी, मनीष रजक, वजीर अहमद, अवधेश यादव सहित सैकड़ों कांग्रेस जन लगे रहे।
जबकि प्रशासन की तरफ से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक लेखपाल के गाल ब्लैडर में पथरी की समस्या थी। पिछले दो दिनों से उनके पेट में दर्द और सूजन थी। इलाज कराने वह गोरखपुर एक प्राइवेट अस्पताल में गए थे, जहां उनकी मौत हो गई।



