अन्ना मवेशियों की समस्या को लेकर किसानों ने नायब तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

खखरेरू / फतेहपुर नगर पंचायत खखरेरू क्षेत्र में अन्ना मवेशियों की बढ़ती समस्या से परेशान सैकड़ों किसानों ने सोमवार को लोहरपुर चौराहे पर बैठक कर अपनी नाराजगी जाहिर की। इसके पश्चात किसान एकजुट होकर नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे, जहां अधिशासी अधिकारी (ईओ) की अनुपस्थिति के चलते किसानों को निराशा का सामना करना पड़ा।
किसान यूनियन के पदाधिकारियों द्वारा कई बार अधिशासी अधिकारी हरेंद्र सिंह से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। नायब तहसीलदार द्वारा भी ईओ से बात करने की कोशिश की गई, परंतु सफलता नहीं मिली। इससे आक्रोशित किसानों ने अंततः नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपते हुए समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की।
किसानों ने बताया कि नगर पंचायत क्षेत्र के लोहरपुर, प्रतापपुर, सलवन, सोथरापुर सहित आसपास के गांवों में अन्ना मवेशियों का आतंक पूरी तरह फैला हुआ है। हालात इतने गंभीर हैं कि किसान दिन-रात खेतों की रखवाली करने के बावजूद अपनी फसलों को बचाने में असहाय नजर आ रहे हैं। आवारा गोवंशों द्वारा मटर, चना, लाही एवं गेहूं जैसी फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया जा रहा है, जिससे किसानों को आर्थिक क्षति उठानी पड़ रही है।
किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष जितेंद्र त्रिपाठी के नेतृत्व में किसानों ने नगर पंचायत प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए नारेबाजी भी की। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही अन्ना मवेशियों की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
इस मौके पर अखिलेश सिंह, मनोज सिंह, दिलीप सिंह, सत्येंद्र सिंह, वीरेंद्र सिंह, उदयभान सिंह, रोहित कुमार, ज्ञान सिंह, राम अभिलाष मिश्रा सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे

