बौद्ध धम्म जागरण के अन्तिम दिन भगवान बुद्ध के त्याग व ज्ञान प्राप्ति पर प्रवचन।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता बृजमनगंज, महराजगंज।
बृजमनगंज क्षेत्र के ग्रामसभा फुलमनहां स्थित अंबेडकर पार्क में आयोजित पांच दिवसीय बौद्ध धम्म जागरण के चौथे दिन भगवान बुद्ध के त्याग, तपस्या और ज्ञान प्राप्ति पर सारगर्भित प्रवचन हुआ। प्रवचन कर्ता आर. एल. बौद्ध ने भगवान बुद्ध के जीवन दर्शन पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख हरिश्चंद्र सोनकर, अमित पासवान, अमित जायसवाल, अशोक पटवा, वीरेन्द्र यादव, बबलू चौरसिया सहित अनेक गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
प्रवचन के दौरान आर. एल. बौद्ध ने बताया कि राजकुमार सिद्धार्थ ने जब संसार में व्याप्त दुख, रोग, बुढ़ापा और मृत्यु को देखा तो उनके मन में यह प्रश्न उठा कि मानव जीवन के दुखों का स्थायी समाधान कैसे किया जाए। इसी मानव कल्याण की खोज में उन्होंने ऐश्वर्यपूर्ण गृहस्थ जीवन और राजपाट का त्याग कर सत्य की तलाश का मार्ग अपनाया।
उन्होंने कहा कि सत्य की खोज में सिद्धार्थ ने अनेक विद्वान संतों और ऋषियों से ज्ञान प्राप्त करने का प्रयास किया, किंतु उनके मूल प्रश्नों का संतोषजनक उत्तर नहीं मिला। इसके पश्चात उन्होंने कठोर तपस्या और गहन ध्यान साधना का मार्ग अपनाया। अंततः बोधगया में कठोर साधना के बाद उन्हें ज्ञान की प्राप्ति हुई और राजकुमार सिद्धार्थ ‘भगवान बुद्ध’ के रूप में संसार के सामने आए।
प्रवचन के अंत में उन्होंने भगवान बुद्ध के करुणा, अहिंसा, शांति और मानव कल्याण के संदेशों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विनोद यादव, सुदर्शन चौरसिया, जयसिंह, सचिन, दिलीप कुमार बौद्ध, रामू गौतम तथा जनकल्याण समिति के अध्यक्ष जोगमन भारती सहित समिति के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।



