नव विवाहिता की संदिग्ध मौत, परिजनों ने ससुराल पक्ष पर लगाया हत्या का आरोप
दहेज हत्या के आरोप में कार्रवाई की मांग, 40 से 50 महिला पुरुष पहुंचे थाने

खखरेरू / फतेहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत वार्ड नंबर–4 जोधा सिंह नगर (सलवन) में 22 दिसंबर को नवविवाहिता लक्ष्मी देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।
मृतका के परिजनों ने इस मामले में ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज हत्या का गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। इसी को लेकर बुधवार को करीब 40–50 की संख्या में महिला एवं पुरुष थाने पहुंचकर हत्या आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। परिजनों का आरोप है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक मृतका का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।
परिजनों के अनुसार लक्ष्मी देवी की शादी 18 अप्रैल 2025 को हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार मनीष कुमार पुत्र कैलाश चंद्र के साथ हुई थी। शादी में हैसियत के अनुसार दान-दहेज और मोटरसाइकिल भी दी गई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुर कैलाश, देवर राजेश एवं पति मनीष कुमार द्वारा लगातार सोने के झुमके, चैन और आटा चक्की की मांग की जा रही थी।
मृतका ने इस संबंध में कई बार फोन के जरिए अपने पिता को जानकारी दी थी। परिजनों का कहना है कि 21 दिसंबर की शाम लक्ष्मी ने फोन कर बताया था कि दहेज की मांग पूरी न होने पर उसे जान से मारने की धमकी दी जा रही है। इसके अगले दिन सुबह उसकी मौत की सूचना मिली।
परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष द्वारा इसे फांसी लगाकर आत्महत्या बताया जा रहा है, जबकि जब वे मौके पर पहुंचे तो लक्ष्मी का गला घोंटकर हत्या किए जाने के स्पष्ट निशान थे और शव को बेड पर लिटा दिया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी दुर्गेश दीप मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन दिया।
क्षेत्राधिकारी के आश्वासन के बाद परिजन अंतिम संस्कार करने को तैयार हो गए हैं।
इस संबंध में थाना प्रभारी विद्या प्रकाश सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर चार लोगों पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

