पत्नी व दूधमुंही बेटी संदिग्ध परिस्थितियों में गायब, पति ने पुलिस से लगाई मदद की गुहार

खखरेरू / फतेहपुर थाना क्षेत्र के सोथरापुर गांव निवासी शिवसागर ने अपनी पत्नी और दूधमुंही बेटी के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का आरोप लगाते हुए पुलिस से मदद की गुहार लगाई है।
पीड़ित शिवसागर ने थाने में दिए शिकायती पत्र में बताया कि वह रोज़गार के सिलसिले में गुजरात प्रांत के सूरत शहर में मजदूरी करता था। उसकी शादी करीब दो वर्ष पूर्व धाता थाना क्षेत्र के डेंडासई गांव निवासी आरती देवी के साथ हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार हुई थी।
शिवसागर के अनुसार शादी के कुछ समय बाद से ही पत्नी का व्यवहार असामान्य रहने लगा था। वह अक्सर अपने मायके पक्ष के दबाव में होने की बात करती थी। पत्नी को खुश रखने के उद्देश्य से वह उसे अपने साथ सूरत ले गया था।
पीड़ित का आरोप है कि 29 नवंबर 2025 को जब वह रोज़ की तरह मजदूरी करने गया हुआ था, उसी दिन सुबह करीब 11 बजे उसकी पत्नी आरती देवी घर में रखे जेवरात और करीब 20 हजार रुपये नकद लेकर अपनी दूधमुंही बेटी के साथ किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ चली गई। शाम को काम से लौटने पर घर में पत्नी और बच्ची न मिलने से वह घबरा गया।
घटना की सूचना उसने तत्काल सूरत स्थित स्थानीय पुलिस स्टेशन में दी। इसके बाद वह पत्नी की तलाश में अपने ससुराल भी गया, लेकिन वहां भी कोई सुराग नहीं लग सका।
पीड़ित शिवसागर ने बताया कि वह अपनी पत्नी और मासूम बेटी की तलाश में स्थानीय थाने से लेकर उच्चाधिकारियों तक लगातार गुहार लगा रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है।
पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से पत्नी और बच्ची को जल्द से जल्द सकुशल बरामद कराने की मांग की है।
