परदेस जाने का बहाना बनाकर युवक साली को लेकर फरार, पीड़िता ने की कार्रवाई की मांग

खखरेरू / फतेहपुर थाना क्षेत्र के दामोदरपुर गांव की रहने वाली एक महिला ने अपने पति पर परदेस जाने का बहाना बनाकर उसकी साली को साथ लेकर फरार होने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है।
पीड़िता के अनुसार, 23 दिसंबर को उसका पति राजेंद्र प्रसाद सुबह लगभग 11 बजे घर से सूरत जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन वह सूरत न जाकर सैदपुर पचमई निवासी अपने बहनोई बचानी पुत्र स्वर्गीय चौंबा के यहां पहुंच गया। आरोप है कि इसके बाद बहनोई बचानी अपने ई-रिक्शा से पीड़िता के मायके केशव रायपुर केवटमई पहुंचा और वहां से पीड़िता की 18 वर्षीय बहन को बहला-फुसलाकर अपने रिक्शे में बैठाकर राजेंद्र प्रसाद के पास ले गया।
पीड़िता का कहना है कि 24 दिसंबर 2025 को उसका पति उसकी 18 वर्षीय बहन को साथ लेकर फरार हो गया। आरोप यह भी है कि जाते समय वह घर में रखी नकदी और जेवरात भी साथ ले गया। पति की इस हरकत से आहत पीड़िता ने उसके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में थाना प्रभारी विद्या प्रकाश सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर के अनुसार मुकदमा पंजीकृत करके आगे की जांच पड़ताल की जा रही है।

