लड़की से छेड़छाड़ का आरोप, युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज

खखरेरू / फतेहपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में युवती से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पीड़िता के भाई की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही एक युवक के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।
तहरीर के अनुसार, पीड़िता 11 जनवरी को खेत की ओर जा रही थी, तभी गांव का ही रहने वाला आशीष कुमार उर्फ छोटू पुत्र रघुनाथ पासवान उसे देखकर अश्लील इशारे करने लगा। आरोप है कि युवक ने युवती का रास्ता रोककर खेत की ओर चलने का दबाव बनाया। किसी तरह युवती वहां से भागकर घर पहुंची और पूरी घटना अपनी मां को बताई।
पीड़िता की मां जब शिकायत लेकर आरोपी के घर पहुंची, तो आरोप है कि आरोपी के माता-पिता ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
इस संबंध में थाना प्रभारी विद्या प्रकाश सिंह ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
