हत्या करने के बाद भागे पति को ढूंढती रही पुलिस, पति ने चुपके से घर पहुंच कर की आत्महत्या।
भय के वशीभूत होकर पति ने लगाई फांसी।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता बृजमनगंज महराजगंज।
महराजगंज के बृजमनगंज थाना क्षेत्र के सौरहा खास गांव में एक व्यक्ति ने गुरुवार को अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या की और फिर खुद शुक्रवार दोपहर फंदे से लटककर जान दे दी। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह मौके पर पहुंचे और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को 25 वर्षीय मुर्तजा ने अपनी पत्नी नजमा की कुल्हाड़ी से गला काटकर हत्या कर दी थी। वारदात को अंजाम देने के बाद मुर्तजा मौके से फरार हो गया था, जबकि परिवार के अन्य सदस्य भी घर छोड़कर चले गए थे। नजमा की मां की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस ने नजमा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घर पर ताला लगा दिया था।नजमा की मां आयशा खातून ने बताया कि लगभग डेढ़ साल पहले उनकी बेटी की शादी सौरहा निवासी मुर्तजा से हुई थी। मुर्तजा अपने दो भाइयों में छोटा था। आयशा खातून के मुताबिक, नजमा को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। इस उत्पीड़न से तंग आकर नजमा अपने पिता बुनियाद अली के घर बारगाहपुर लौट गई थी। पति-पत्नी ने आपसी सहमति से संबंध विच्छेद भी कर लिए थे।
गुरुवार को आयशा खातून अपनी बेटी नजमा के साथ दहेज में दिया गया सामान लेने उसके ससुराल सौरहा आई थीं। इसी दौरान पति मुर्तजा ने हंगामा शुरू कर दिया और घर में रखी कुल्हाड़ी से नजमा के गले पर वार कर उसकी हत्या कर दी और फरार हो गया।
लगभग चौबीस घंटे गायब रहने के बाद हत्यारे पति ने चुपके से घर पहुंच कर गले में रस्सी का फंदा लगाया और आत्महत्या कर ली, पुलिस ने मुर्तजा के शव को कब्जे में ले लिया है और फॉरेंसिक टीम के साथ घटना की जांच कर रही है। फरेंदा क्षेत्राधिकारी अनिरुद्ध कुमार ने बताया कि शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर विस्तृत जांच की जा रही है।



