नगर पंचायत कार्यालय में खुला आधार सेवा केंद्र।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता बृजमनगंज महाराजगंज।
आदर्श नगर पंचायत बृजमनगंज में सोमवार को आधार से जुड़ी सेवाओं को आसान बनाने के उद्देश्य से आधार सेवा केंद्र का शुभारंभकिया गया। इस केंद्र का उद्घाटन नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश जायसवाल और अधिशासी अधिकारी सुरभि मिश्रा ने संयुक्त रूप से किया। उद्घाटन के अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश जायसवाल ने कहा कि नगर क्षेत्र के लोगों को आधार कार्ड बनवाने, अपडेट कराने और उसमें सुधार करवाने के लिए पहले काफी दूर जाना पड़ता था, जिससे लोगों को परेशानी होती थी।कई बार नगरवासियों द्वारा इस समस्या को लेकर शिकायते होती रहती थीं। इन समस्याओं को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों से पहल कर नगर पंचायत में आधार सेवा केंद्र की स्थापना कराई गई है।
श्री जायसवाल कहा कि अब इस केंद्र के शुरू होने से नगरवासियों को आधार कार्ड से संबंधित सभी सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध होकर समस्याओं का निदान करेंगी । इससे समय और धन के बचत के अलावा अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिलेगी।अधिशासी अधिकारी सुरभि मिश्रा ने बताया कि आधार सेवा केंद्र पर नया आधार कार्ड बनवाने, आधार कार्ड में नाम, पता, मोबाइल नंबर आदि अपडेट कराने सहित अन्य आवश्यक सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इससे नगर पंचायत क्षेत्र के नागरिकों को डिजिटल सेवाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा।
कार्यक्रम के दौरान आकांक्षी योजना कोऑर्डिनेटर राहुल सिंह, रमेश चौधरी, झिनक विश्वकर्मा, सनी यादव, दीपक विश्वकर्मा, सागर कन्नौजिया, आदित्य राय, अमरनाथ मौर्य संजय चौरसिया सहित अन्य दर्जनों लोग उपस्थित रहे।
नगर पंचायत प्रशासन का कहना है कि इस सेवा केंद्र के माध्यम से नगर क्षेत्र के लोगों को सरकारी योजनाओं और डिजिटल सेवाओं का लाभ लेने में भी काफी सुविधा मिलेगी।



