लगातार निगरानी के क्रम में पुलिस भर्ती परीक्षा केंद्रों का जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने किया निरीक्षण।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता महाराजगंज।
महराजगंज पुलिस भर्ती परीक्षा 2026 को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीणा ने शनिवार को जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने शिवजपत सिंह इंटरमीडिएट कॉलेज भिटौली, एंग्लो संस्कृत इंटर कॉलेज घुघुली तथा राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज पुरैना पहुंचकर परीक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा कक्षों का अवलोकन करते हुए सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, कक्ष निरीक्षकों और ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से कराई जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना सभी अधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर स्थापित सीसीटीवी कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण कर निगरानी व्यवस्था को लगातार सक्रिय रखने के निर्देश दिए। जानकारी के अनुसार भिटौली और घुघुली केंद्रों पर 240 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 155 उपस्थित व 85 अनुपस्थित रहे, जबकि राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज पुरैना में 240 में से 169 अभ्यर्थी उपस्थित और 71 अनुपस्थित रहे। जनपद के 12 केंद्रों पर कुल 4560 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 3137 उपस्थित और 1423 अनुपस्थित रहे।



