उत्तर प्रदेशफतेहपुर

मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी बदमाश घायल, तमंचा व बकरियां बरामद

 

खखरेरू फतेहपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार रात पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में 25 हजार रुपये का इनामी व हिस्ट्रीशीटर बदमाश घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, थाना खखरेरू क्षेत्र के भीमपुर नहर पुलिया तिराहे से सड़वापार जाने वाली नहर पटरी पर संदिग्ध व्यक्ति की सूचना पर घेराबंदी की गई। इसी दौरान बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से गुड्डू उर्फ सोहेल कुरैशी (25) पुत्र मो. नवाब निवासी बहलोलपुर ऐलई थाना खागा घायल हो गया।

घायल बदमाश के बाएं पैर में गोली लगी है। उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। मौके से पुलिस ने एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, तमंचे की नाल में फंसा एक जिंदा कारतूस, दो बकरियां और ₹2,010 नकद बरामद किए हैं।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 77/2026 व 61/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमे दर्ज हैं और उस पर ₹25,000 का इनाम घोषित था। वह थाना खागा का हिस्ट्रीशीटर भी है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ प्रदेश के विभिन्न थानों में 17 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अन्य आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।

घटना के संबंध में खखरेरू पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!