विद्युत व्यवस्था व जन शिकायतों पर जिलाधिकारी सख्त।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता महाराजगंज।
महराजगंज जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में विद्युत वितरण, नए कनेक्शन, बिल वसूली, पीएम सूर्यघर योजना तथा आईजीआरएस/जन शिकायतों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि विद्यालयों के ऊपर से गुजर रहे विद्युत तारों को प्राथमिकता के आधार पर हटाया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचाव हो सके। अधिशासी अभियंता ने बताया कि कई विद्यालयों में तार हटाने हेतु प्रस्ताव भेजे जा चुके हैं। डीएम ने प्रबंधकीय विद्यालयों की भी जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने और जिला विद्यालय निरीक्षक से सूची प्राप्त कर कार्य तेजी से पूरा करने को कहा साथ ही सड़कों पर झूलते एवं जर्जर तारों को तत्काल दुरुस्त करने के लिए दिए निर्देश। आईजीआरएस शिकायतों की समीक्षा में
109 में से 76 शिकायतकर्ताओं के असंतुष्ट पाए जाने पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता पूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि शिकायतों के समाधान से पहले मौके का निरीक्षण अनिवार्य रूप से किया जाए। पीएम सूर्यघर योजना के तहत अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को लाभान्वित करने और जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया। साथ ही स्मार्ट मीटर को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने और शिकायतों का प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। बैठक में बताया गया कि जनपद में 24 विद्युत उपकेंद्र संचालित हैं और आपूर्ति सामान्य है। विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



