
सरयू नदी के तट पर मिला 55 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव, एक सप्ताह पुराना होने का अनुमान
रविशंकर तिवारी/ स्वाभिमान जागरण मईल देवरिया
*मईल (देवरिया):* कस्बा भागलपुर, थाना मईल क्षेत्र में सरयू नदी के दाएं तट पर रविवार को एक अज्ञात पुरुष का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव लगभग एक सप्ताह पुराना बताया जा रहा है और काफी गल चुका है।
*स्थानीय लोगों ने दी सूचना*
जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर स्थानीय लोगों ने नदी किनारे शव पड़ा देखा। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना मईल पुलिस को दी। सूचना पर मईल थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया।
*शिनाख्त नहीं हो पाई*
पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र लगभग 50-55 साल है। शव काफी पुराना होने के कारण चेहरा पहचान में नहीं आ रहा है। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों को शव दिखाया गया, लेकिन अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई है। मृतक के शरीर पर जो कपड़े मिले हैं, उनके आधार पर पहचान की कोशिश की जा रही है।
*पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव*
थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज, देवरिया भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। प्रथम दृष्टया शव करीब एक सप्ताह पुराना लग रहा है।
*पुलिस कर रही जांच*
पुलिस ने बताया कि आसपास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाली जा रही है। मृतक के हुलिया व कपड़ों के आधार पर शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। यदि किसी के परिजन लापता हैं तो मईल थाने से संपर्क कर सकते हैं।
फिलहाल पुलिस ने शव को मर्चरी में रखवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।



