छात्रा ने पड़ोसी युवकों पर वीडियो बनाने व गाली-गलौज का लगाया आरोप
खखरेरू फतेहपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली छात्रा ने पड़ोस के दो युवकों पर चोरी-छिपे वीडियो बनाने और विरोध करने पर गाली-गलौज व मारपीट करने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस को तहरीर दी गई है।
पीड़ित छात्रा ने बताया कि गांव के रहने वाले राम लखन पुत्र रामप्रताप और राम प्रतीक पुत्र रामप्रताप पिछले करीब तीन माह से स्कूल आते-जाते समय और घर से बाहर निकलने पर उसका चोरी-छिपे वीडियो बना रहे थे। छात्रा के अनुसार जब उसे इस बात की जानकारी हुई तो उसने परिजनों को घटना से अवगत कराया।
बताया गया कि छह मई को छात्रा के पिता आरोपियों के घर पहुंचे और वीडियो बनाने से मना किया। आरोप है कि इस दौरान दोनों युवक गाली-गलौज करने लगे और छात्रा के पिता के साथ मारपीट कर दी। इसके बाद पीड़ित पक्ष ने थाने पहुंचकर मामले की शिकायत की।
थाना प्रभारी विद्या प्रकाश सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच जमीन का विवाद था मामले की आगे की जांच जारी है।



