जमीन कब्जा, भूसा जलाने व धमकी का आरोप, पीड़ित ने थाने में दी तहरीर
खखरेरू, फतेहपुर थाना क्षेत्र के बसवा गांव निवासी युवक ने जमीन पर कब्जा, भूसा जलाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए थाना प्रभारी को शिकायती पत्र दिया है।
बसवा गांव निवासी अखिलेश कुमार पुत्र अवधेश ने 8 मई को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह हृदय रोगी हैं और वर्ष 2021 में उनका ऑपरेशन हो चुका है। उनका कहना है कि उनके खेत का बंटवारा पंचायत के माध्यम से करीब 30 वर्ष पहले हो चुका था, लेकिन उसी समय रामनरेश उर्फ छेद्दू इस बंटवारे से संतुष्ट नहीं थे। आरोप है कि उस दौरान उन्होंने धमकी देते हुए कहा था कि मनपसंद खेत नहीं मिला तो गोली मार देंगे, जिसके डर से पीड़ित ने अपना खेत उन्हें दे दिया था।
पीड़ित का आरोप है कि अब करीब 30 वर्ष बाद रामनरेश उर्फ छेद्दू, शिव प्रसाद उर्फ घूरे और चन्दन कुमार ने उनके खेत पर कब्जा कर लिया।
शिव प्रसाद व चन्दन पर खेत में रखा भूसा जलाने और खड़ी फसल को ट्रैक्टर से कुचलकर नष्ट करने का आरोप है। मना करने पर आरोपियों ने ट्रैक्टर चढ़ाने की धमकी दी, जबकि रामनरेश पर तमंचा दिखाकर खेत के पास न आने की चेतावनी देने का आरोप लगाया गया है।
पीड़ित के अनुसार डर के कारण वह पहले शिकायत नहीं कर सके। बाद में तबीयत खराब होने पर उन्होंने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया और इलाज के लिए कानपुर चले गए। उन्होंने पुलिस व राजस्व विभाग से गाटा संख्या 187 के बंटवारे को राजस्व अभिलेखों में दर्ज कराने तथा गाटा संख्या 214-215 का बंटवारा कराने की मांग की है।
इस संबंध में थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत मिलने पर दोनों पक्षों को बुलाया गया है और राजस्व विभाग को भी सूचना दे दी गई है।



