मईल पुलिस ने दो युवतियों को भगा ले जाने वाले आरोपी को धर दबोचा
लार थाना के कुंडावल हरी गाँव का है आरोपी

रविशंकर तिवारी /स्वाभिमान जागरण मईल
मईल। थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग गांवों की दो युवतियों को पुलिस ने शुक्रवार सुबह स्थानीय चौराहे से बरामद कर लिया। मामले में आरोपी युवक को भी गिरफ्तार किया गया है। ये दोनों युवतियाँ गत 4 मई को आरोपी द्वारा बहला फुसला कर भगा ले जाई गयी थी। दोनों मामले में मईल पुलिस ने केस दर्ज किया था।
मईल थाना क्षेत्र के लार रोड रेलवे स्टेशन के समीप के दो गाँवों की युवतियों को लार थाना क्षेत्र के कुंडावल हरी का एक युवक भगा ले गया था। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने दो दिन पहले दोनों युवतियों को बहला-फुसलाकर भगाने के आरोप में अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए थे। शुक्रवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि लार थाना क्षेत्र का युवक अभिषेक दोनों युवतियों को बाहर ले जाने की फिराक में है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को पकड़ लिया। दोनों युवतियों को भी सुरक्षित बरामद कर थाने लाया गया। दोनों युवतियों को मेडिकल परीक्षण के लिए देवरिया भेजा गया है। आरोपी अभिषेक राजभर पर पुलिस विधिक कार्रवाई कर रही है।



