LIVE TVउत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़राजनीतिराज्य

देवरिया में मुख्यमंत्री का आगमन 22 को, कार्यक्रम की तैयारियां शुरू

देवरिया को मिलेगी कई परियोजनाओं की सौगात

पांडे एन डी देहाती /स्वाभिमान जागरण देवरिया

देवरिया को मिलेगी 655.45 करोड़ की विकास योजनाओं को सौगात

देवरिया के लोगों में ख़ुशी है। माननीय मुख्यमंत्री 22 मई को जनपद में आगमन प्रस्तावित है। प्रस्तावित कार्यक्रम के अंतर्गत भीमपुर गौरा के समीप पोखरभिंडा में आयोजित समारोह में मा० मुख्यमंत्री जनपदवासियों को विकास की बड़ी सौगात देंगे।
मा० मुख्यमंत्री जी द्वारा कुल 655.45 करोड़ रुपये लागत की 19 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया जाएगा। इनमें 116.54 करोड़ रुपये लागत की 08 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 538.91 करोड़ रुपये लागत की 11 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
प्रमुख परियोजनाओं में देवरिया-कसया मार्ग का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य, जिसकी लागत 292 करोड़ रुपये है, तथा देवरिया-हाटा मार्ग का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य, जिसकी लागत 74 करोड़ रुपये है, शामिल हैं।
इन विकास परियोजनाओं से जनपद में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा तथा क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिलेगी। साथ ही नागरिकों को बेहतर सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं अन्य जनोपयोगी सुविधाओं का लाभ प्राप्त होगा।
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर बुधवार को जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी एवं पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने कार्यक्रम स्थल भीमपुर गौरा के समीप पोखरभिंडा क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान हेलीपैड निर्माण, पार्किंग व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, मंच, टेंट, बैरिकेडिंग एवं सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य तैयारियों का जायजा लिया गया।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यक्रम में आने वाले जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं आमजन की सुविधा का विशेष ध्यान रखने तथा यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के उपरांत कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित कर कार्यक्रम के आयोजन हेतु विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारियां सौंपी गईं। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे सौंपे गए दायित्वों का पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें तथा प्रत्येक बिंदु पर तैयारियां समय से पूर्ण कर लें। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम से संबंधित सभी व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था पूरी तरह सुदृढ़ रखी जाए।
निरीक्षण एवं बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी वी.के. सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) प्रेम नारायण सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राम शंकर सिंह सहित प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!