दैनिक स्वाभिमान जागरण फरेंदा, महराजगंज।
परमेश्वर सिंह मेमोरियल पीजी कॉलेज, आनंदनगर में डीएलएड विभाग द्वारा आयोजित पांच दिवसीय स्काउट-गाइड प्रशिक्षण शिविर का शनिवार को समापन हुआ। शिविर के दौरान प्रशिक्षुओं ने कुल 14 टोलियों का गठन कर स्काउट-गाइड के विभिन्न गतिविधियों, अनुशासन, सेवा भावना, नेतृत्व क्षमता एवं संगठनात्मक कौशल का प्रदर्शन किया।
समापन दिवस पर आयोजित शिविर निरीक्षण एवं मूल्यांकन के लिए निर्णायक मंडल में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अशोक भारतीय, डॉ. यशवंत सिंह, डॉ. मुरलीधर जायसवाल एवं डॉ. कृष्ण कुमार शामिल रहे। निर्णायक मंडल ने निरीक्षण के बाद प्रथम स्थान पर एकलव्य टोली को घोषित किया, जिसके नायक आदित्य गुप्ता रहे। द्वितीय स्थान सूर्यमुखी टोली को मिला, जिसकी नायिका माया रहीं। वहीं तृतीय स्थान स्माइलिंग बुद्धा टोली ने प्राप्त किया, जिसकी नायिका प्रज्ञा त्रिपाठी रहीं।
प्रशिक्षण शिविर में स्काउट-गाइड प्रशिक्षक शशांक कुमार गुप्त, अटल सिंह एवं नितिन कुमार ने प्रशिक्षुओं को स्काउट-गाइड के सिद्धांतों, नियमों, अनुशासन, आत्मनिर्भरता, आपसी सहयोग और समाज सेवा के महत्व की जानकारी दी।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. अशोक भारतीय ने प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्काउट-गाइड का मूल मंत्र ‘तैयार रहो’ (Be Prepared) है। युवाओं को ‘सेवा परमो धर्मः’ के सिद्धांत पर चलते हुए समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।
डीएलएड विभागाध्यक्ष वंशदीप मौर्य ने कहा कि स्काउट-गाइड में स्कार्फ पहनाना तथा बैज एवं प्रतीक चिह्न प्रदान करना संगठन के प्रति समर्पण, अनुशासन और प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
कार्यक्रम में डीएलएड प्रवक्ता राघवेंद्र प्रताप सिंह, संजय विश्वकर्मा, संजय शर्मा, पुष्पा त्रिपाठी एवं रीता सहित महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के प्रवक्ता और कर्मचारी उपस्थित रहे। शिविर के सफल आयोजन पर प्रशिक्षकों एवं प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना की गई।

