चीनी मिल संघर्ष समिति के नेता हाऊस अरेस्ट
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन ने उठाया यह कदम

स्वाभिमान जागरण देवरिया। लोकतंत्र में अपनी मांगों का पत्रक देना कोई गुनाह नहीं, लेकिन देवरिया में मुख्य मंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को शान्ति पूर्वक निबटाने के लिए प्रशासन ने चीनी मिल संघर्ष समिति के नेता को रात में लगभग एक बजे हाऊस अरेस्ट करा दिया। रात में सोते समय अचानक पुलिस उनके घर पहुंची और उन्हें जगा कर बता दिया कि कल शाम ज़ब तक मुख्यमंत्री जी का कार्यक्रम सम्पन्न नहीं हो जाता आप घर से बाहर नहीं निकलेंगे। उनके घर पर पुलिस भी लगा दी गयी।
बृजेंद्र मणि त्रिपाठी अध्यक्ष- चीनी मिल चलाओ संघर्ष समिति ने प्रेस को जारी एक विज्ञप्ति में बताया कि देवरिया जिला प्रशासन द्वारा मुझे रात में हाउस अरेस्ट कर लिया गया। हम बैतालपुर चीनी मिल चलवाने के लिए लगातार आंदोलन करते रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के देवरिया आगमन पर हम चीनी मिल चलाओ संघर्ष समिति तथा अन्य साथी गण बैतालपुर चीनी मिल को चलाने की मांग तथा बैतालपुर रेलवे ढाले पर ऊपरगामीपुल बनवाने की मांगों को लेकर ज्ञापन देने वाले थे परंतू जिला प्रशासन देवरिया ने हमें हाउस अरेस्ट कर लिया । बैतालपुर चीनी मिल केवल एक मिल ही नहीं बल्कि लाखों किसानों हजारों परिवारों तथा हजारों मजदूरों की आजीविका का सवाल है ।
जिले में माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कई कार्यक्रमों के अवसर पर स्वयं चार बार बैतालपुर चीनी मिल चालू करने के लिए घोषणा कर चुके हैं तथा साथ में ही माननीय केंद्रीय मंत्री गडकरी जी तथा माननीय गृह मंत्री भारत सरकार अमित शाह जी के द्वारा देवरिया की जनता की अदालत में घोषणा कर चुके हैं।
********************



