अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की हालत गंभीर
खखरेरू फतेहपुर थाना क्षेत्र के शिवपुरी पुलिस चौकी के समीप सोमवार सुबह अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची डायल-112 पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने जिला अस्पताल मंझनपुर रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव निवासी रंजीत कुमार (25) पुत्र शीतल प्रसाद सोमवार सुबह करीब नौ बजे घरेलू सामान खरीदने के लिए खखरेरू बाजार जा रहे थे। जैसे ही वह शिवपुरी पुलिस चौकी के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में रंजीत कुमार के दोनों पैरों तथा सिर में गंभीर चोटें आईं।
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस के माध्यम से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया।
परिजनों ने बताया कि रंजीत कुमार करीब एक सप्ताह पूर्व गुजरात से अपने गांव लौटे थे।
श्याम सुंदर गिरि ने बताया कि घायल को सी एच सी खखरेरू भेजा गया जहां उपचार करके मंझनपुर रेफर किया गया और परिजनों को सूचना दे दी गई है



