आईजीआरएस निस्तारण में महराजगंज पुलिस ,पूरे प्रदेश सबसे टॉप पर।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता महाराजगंज।
महराजगंज जनसुनवाई एवं शिकायत निवारण व्यवस्था को प्रभावी, पारदर्शी और जनोन्मुखी बनाने की दिशा में महराजगंज पुलिस ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि अपने नाम की है। समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली (आईजीआरएस) की माह मई-2026 की प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में महराजगंज पुलिस ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इसके साथ ही जनपद के 18 थानों ने भी अपने-अपने स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। प्रदेश सरकार द्वारा संचालित आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निस्तारण के आधार पर यह रैंकिंग निर्धारित की जाती है। मई माह के मूल्यांकन में महराजगंज पुलिस ने शिकायतों के निस्तारण में प्रभावी कार्यप्रणाली अपनाते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की, जिसके परिणामस्वरूप जनपद को प्रदेश में सर्वोच्च स्थान मिला। पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि जनपद में आईजीआरएस से प्राप्त प्रत्येक शिकायत की नियमित समीक्षा की जाती है तथा उसके गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है। उन्होंने बताया कि थाना स्तर से लेकर जनपद स्तर तक अधिकारियों द्वारा सतत निगरानी, प्रभावी पर्यवेक्षण और तकनीकी संसाधनों के बेहतर उपयोग के कारण यह सफलता संभव हो सकी है। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में केवल औपचारिक कार्रवाई नहीं की जाती, बल्कि प्रत्येक मामले का निष्पक्ष एवं तथ्यपरक परीक्षण कर शिकायतकर्ता की संतुष्टि को भी महत्व दिया जाता है। वर्ष 2026 में लगातार प्रत्येक माह प्रथम स्थान प्राप्त करना महराजगंज पुलिस की जनसेवा और जवाबदेही के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है।



